Lawrence Bishnoi Gang : भारत की सीमा पार गैंगवार की धमक अब अमेरिका तक पहुंच गई है। कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके विरोधी रोहित गोदारा गैंग के बीच वर्षों पुरानी दुश्मनी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। कैलिफोर्निया में हरि बॉक्सर पर कथित हमले के दावे और उसके बाद वायरल हुए धमकी भरे ऑडियो ने दोनों गैंगों के बीच तनाव को और भड़का दिया है।
क्या है पूरा मामला?
कुछ दिन पहले, रोहित गोदारा गैंग ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि उनके शूटरों ने कैलिफोर्निया में हरि बॉक्सर पर हमला किया, जिसमें उसका एक साथी मारा गया और हरि घायल होकर भाग निकला। हालांकि, अब इस दावे को हरि बॉक्सर ने खुद खारिज कर दिया है। वायरल हुए एक ऑडियो में वह कहता है, “मैं बिलकुल सुरक्षित हूं। जिस शहर की बात हो रही है, वहां मैं कभी गया ही नहीं।”
ये भी पढ़ें- उत्तर भारत में ठंड की आहट, दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अन्य राज्यों में मौसम का हाल
ऑडियो में क्या है?
सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक नए ऑडियो क्लिप में, हरि बॉक्सर और आरजू बिश्नोई दोनों सुनाई देते हैं। आरजू कहता है कि “हम इस हमले का जवाब गोली से देंगे।” हरि बॉक्सर, रोहित गोदारा को चुनौती देते हुए कहता है, “इनकी 7 पीढ़ी लग जाएगी हमारे लेवल पर आने में। लॉरेंस भाई जिसे बना सकता है, उसे गिरा भी सकता है।” ऑडियो के अंत में हरि बॉक्सर यह भी दावा करता है कि गोदारा गैंग में भी अंदरूनी फूट चल रही है।
क्या हुआ कैलिफोर्निया में?
अमेरिकी मीडिया और स्थानीय पुलिस सूत्रों के अनुसार, कैलिफोर्निया के एक ट्रकिंग रूट पर एक भारतीय युवक की गोली लगने से मौत हुई थी, जिसकी पहचान अभी तक सार्वजनिक नहीं हुई है। गोदारा गैंग का दावा है कि युवक हरि बॉक्सर का करीबी था और वह खुद हमले में बाल-बाल बच गया। हरि ने इस दावे को “झूठा और भ्रामक” बताया है और कहा कि मृतक “एक निर्दोष ट्रक ड्राइवर था”, जिसे बेवजह मारकर हमले का श्रेय लेने की कोशिश की जा रही है।
गैंगवार की बढ़ती आग
लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा के बीच गैंगवार की जड़ें पंजाब, हरियाणा और राजस्थान से जुड़ी हैं, लेकिन अब इसका दायरा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैलता जा रहा है। हाल के वर्षों में बिश्नोई गैंग के सदस्य कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका में भी सक्रिय हुए हैं। गोदारा भी अब सोशल मीडिया और अपने कथित शूटर्स के माध्यम से पावर शो कर रहा है।