Site icon Dainik Savera Times

Leh Ladakh Earthquake: सुबह-सुबह 5.5 तीव्रता के भूकंप से हिली लेह की धरती, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग

Leh Ladakh Earthquake

Leh Ladakh Earthquake

Leh Ladakh Earthquake: लद्दाख के लेह में गुरुवार सुबह भूकंप के तेज झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। बता दें कि सुबह करीब 6:05 बजे धरती हिलने लगी और कई इलाकों में लोगों ने तेज कंपन महसूस किया। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.5 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र जमीन के करीब 10 किलोमीटर नीचे बताया गया है।

तेज झटके महसूस होते ही कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। सुबह के समय कुछ लोग सो रहे थे, जबकि कुछ लोग अपने रोजमर्रा के काम की तैयारी कर रहे थे। अचानक घरों के हिलने से लोगों में डर का माहौल बन गया। कई लोग काफी देर तक घर के अंदर जाने से भी बचते रहे।

अभी तक बड़े नुकसान की खबर नहीं

भूकंप के बाद फिलहाल किसी बड़े जान-माल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। किसी के घायल होने की भी जानकारी नहीं मिली है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी संभावित नुकसान की जानकारी जुटाई जा रही है।

5.5 तीव्रता का भूकंप कितना खतरनाक?

5.5 तीव्रता का भूकंप तेज महसूस होता है। हालांकि, इससे कितना नुकसान होगा, यह सिर्फ भूकंप की तीव्रता पर निर्भर नहीं करता। भूकंप कितनी गहराई में आया, उसका केंद्र कितनी दूर था और आसपास की इमारतें कितनी मजबूत हैं, इन चीजों से भी नुकसान का पता चलता है। लद्दाख हिमालयी इलाके में आता है, इसलिए यहां भूकंप के झटके समय-समय पर महसूस होते रहते हैं।

Exit mobile version