Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘मूर्खों के सरदार’…इशारों-इशारों में राहुल गांधी पर PM मोदी का तंज, बोले- देश की उपलब्धियां न देखने की बीमारी

November 14, 2023

‘मूर्खों के सरदार’…इशारों-इशारों में राहुल गांधी पर PM मोदी का तंज, बोले- देश की उपलब्धियां न देखने की बीमारी

नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश में विधानसभा के चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी पूरा ताकत झोंक दी है। मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा के लिए 17 नवंबर को मतदान होना है और इसके लिए चुनाव प्रचार बुधवार यानि कि 15 नवंबर की शाम को थम जाएगा।

 

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव में भाजपा के उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभाएं , रैलियां और रोड शो कर रहे हैं। मंगलवार को पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश के बैतूल में जनसभा को संबोधित करते हुए बिना किसी का नाम लिए राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा।

 

राहुल गांधी पर तंज

पीएम मोदी ने पिछले दिनों राहुल गांधी के एक बयान पर तंज कसा और कहा कि कल कांग्रेस के एक महाज्ञानी कह रहे थे कि भारत में सब लोगों के पास मेड इन चाइना मोबाइल फोन होता है। अरे मूर्खों के सरदार, किस दुनिया में रहते हो। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को अपने देश की उपलब्धियां न देखने की मानसिक बीमारी हो गई है। जबकि, सच्चाई ये है कि आज भारत दुनिया में मोबाइल फोन का दूसरा सबसे बड़ा निर्माता है। राज्य के विधानसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि जैसे-जैसे 17 नवंबर की तारीख नजदीक आ रही है। वैसे-वैसे कांग्रेस के नेताओं के दांवों की पोल खुलती जा रही है। आज हमें पूरे एमपी से रिपोर्ट मिल रही है कि कांग्रेस ने हार मानकर खुद को भाग्य भरोसे छोड़ दिया है।

 

कांग्रेस ने आदिवासियों की उपेक्षा की

कांग्रेस पर आदिवासियों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक आदिवासी समाज के वोट बटोरे, लेकिन, सड़क, बिजली, पानी, अस्पताल, स्कूल जैसी सुविधाओं से आदिवासियों को कांग्रेस ने हमेशा दूर रखा। कांग्रेस जो वादा करती है, वो कभी पूरा नहीं करती। पिछली बार कर्जमाफी का वादा सरकार बनने के डेढ़ साल बाद तक ये लोग पूरा नहीं कर पाए।

 

दूसरी तरफ भाजपा है, जो जितना वादा करती है, उससे भी ज्यादा करने का प्रयास करती है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के लूट और भ्रष्टाचार के पंजे को मध्य प्रदेश से दूर रखने के लिए है। कांग्रेस ने मान लिया है कि मोदी की गारंटी के सामने कांग्रेस के झूठे वादे एक पल भी नहीं टिक सकते। मोदी की गारंटी का मतलब है, गारंटी पूरी होने की गारंटी। प्रधानमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को जनजातीय गौरव दिवस पर आदिवासी समाज के विकास के लिए 24 हजार करोड़ रुपये की एक बहुत महत्वपूर्ण योजना भी केंद्र सरकार शुरू करने जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें