Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

मध्यप्रदेश सरकार ने देर रात किए IAS अधिकारियों के तबादले

February 3, 2024

मध्यप्रदेश सरकार ने देर रात किए IAS अधिकारियों के तबादले

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने देर रात भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के एक दर्जन से अधिक अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव विनोद कुमार को यहां स्थित आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी मध्यप्रदेश का महानिदेशक बनाया गया है। श्री कुमार मुख्य सचिव कार्यालय में समन्वय का कार्य भी देख रहे थे। लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग के प्रमुख सचिव अनिरुद्ध मुखर्जी को इसी पद पर आयुष विभाग में भेजा गया है।

जेल विभाग के प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी को सामान्य प्रशासन विभाग में इसी पद पर भेजा गया है। वे मुख्य सचिव कार्यालय में समन्वय का कार्य भी देखेंगे। एमपी इंडस्ट्रियल कार्पोरेशन भोपाल के प्रबंध संचालक डॉ नवनीत मोहन कोठारी को मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास विभाग में सचिव की जिम्मेदारी दी गयी है। गृह विभाग के सचिव रवींद्र सिंह को खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में आयुक्त सह संचालक बनाया गया है।

आबकारी आयुक्त ओमप्रकाश श्रीवास्तव को गृह विभाग में सचिव तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त भरत यादव को मुख्यमंत्री सचिव का पदस्थ किया गया है। राज्य सड़क विकास निगम के प्रबंध संचालक अविनाश लवानिया को मुख्यमंत्री का अपर सचिव तथा खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण के संचालक तरुण कुमार पिथोड़े को चिकित्सा शिक्षा विभाग में आयुक्त की जिम्मेदारी दी गयी है।
मध्यप्रदेश राज्य इलेक्ट्रानिक्स विकास निगम के प्रबंध संचालक अभिजीत अग्रवाल को आबकारी आयुक्त पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गयी है। राजस्व विभाग के अपर सचिव चंद्रशेखर वालिम्बे को मुख्यमंत्री का अपर सचिव बनाया गया है। गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के आयुक्त चंद्रमौली शुक्ला को एम पी इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कार्पोरेशन का प्रबंध संचालक बनाया गया है।

राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अपर संचालक गौतम सिंह को स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट मध्यप्रदेश का परियोजना संचालक और स्वास्थ्य सेवाएं संचालक श्रीमती अदिति गर्ग को मुख्यमंत्री के उप सचिव पद की जिम्मेदारी दी गयी है। पदस्थापना के लिए प्रतीक्षारत अंशुल गुप्ता को मुख्यमंत्री का उपसचिव बनाया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें