Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

महाकुंभ 2025: अंतिम सप्ताह में श्रद्धालुओं की भारी भीड़, अब तक 58.03 करोड़ श्रद्धालु ने किया स्नान

February 21, 2025

महाकुंभ 2025: अंतिम सप्ताह में श्रद्धालुओं की भारी भीड़, अब तक 58.03 करोड़ श्रद्धालु ने किया स्नान

Maha Kumbh 2025: महाकुंभ के अंतिम सप्ताह में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। आज सुबह 10 बजे तक 49.10 लाख से अधिक श्रद्धालु संगम में पुण्य स्नान कर चुके हैं। पूरे मेला क्षेत्र में भक्तों का रेला उमड़ पड़ा है, और प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

अब तक 20 फरवरी 2025 तक कुल 58.03 करोड़ श्रद्धालु महाकुंभ में स्नान कर चुके हैं, जो इसे अब तक का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन बना रहा है। प्रशासन के अनुसार, स्नान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस, रेलवे, नगर निगम और मेला प्राधिकरण लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

आज के शाही स्नान को देखते हुए संगम तट और अन्य प्रमुख घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है, और आरएफआईडी तकनीक के जरिए मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है। रेलवे ने भी विशेष ट्रेनों और अतिरिक्त होल्डिंग एरिया की व्यवस्था की है ताकि तीर्थयात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

महाकुंभ में आए साधु-संतों और श्रद्धालुओं के अनुसार, यह आयोजन दिव्यता और भव्यता की अनूठी मिसाल बन चुका है। अखाड़ों की पेशवाई, भजन-कीर्तन, सत्संग और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों से प्रयागराज का वातावरण भक्तिमय हो गया है।

प्रशासन का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में करोड़ों श्रद्धालु संगम स्नान के लिए पहुंचेंगे, जिससे यह महाकुंभ ऐतिहासिक संख्याओं को पार कर सकता है। अधिकारियों ने लोगों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और प्रशासन के निर्देशों के अनुसार स्नान करने की अपील की है ताकि महाकुंभ का यह पावन आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें