Maharashtra Municipal Corporation Election 2026: महाराष्ट्र में अगले महीने होने वाले महानगरपालिका चुनावों से पहले राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्मा चुका है। सभी प्रमुख दल चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। इसी बीच राज्य की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। करीब 20 साल बाद ठाकरे परिवार के दो प्रमुख चेहरे शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे बीएमसी चुनाव के लिए एक साथ आने जा रहे हैं।
आज दोनों नेता मुंबई के वर्ली स्थित होटल ब्लू सी में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने गठबंधन की औपचारिक घोषणा करेंगे। इससे पहले सुबह 11 बजे उद्धव और राज ठाकरे बालासाहेब ठाकरे के स्मृति स्थल पर जाकर पुष्पांजली अर्पित करेंगे। इसके बाद वे प्रेस वार्ता के लिए रवाना होंगे।
नामांकन प्रक्रिया शुरू, मतदान जनवरी में
मुंबई समेत राज्य की 29 महानगरपालिकाओं के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो चुकी है, जो 30 दिसंबर तक चलेगी। 15 जनवरी को मतदान होगा, जबकि मतगणना 16 जनवरी को की जाएगी। मुंबई नगर निगम प्रशासन के अनुसार पहले दिन कुल 4165 नामांकन फॉर्म वितरित किए गए, हालांकि किसी भी उम्मीदवार ने पहले दिन नामांकन दाखिल नहीं किया।
शिवसेना–बीजेपी के बीच देर रात मंथन
महायुति के भीतर भी सीट बंटवारे को लेकर गहन चर्चा जारी है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और महाराष्ट्र बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण के बीच देर रात करीब पांच घंटे लंबी बैठक हुई। इस बैठक में मुंबई, ठाणे, कल्याण-डोंबिवली, मीरा-भयंदर और नवी मुंबई नगर निगमों में गठबंधन की रणनीति पर विचार किया गया।
बीएमसी में दोनों दल लगभग 180 सीटों पर सहमति बना चुके हैं, लेकिन करीब 40 सीटों पर अभी भी मतभेद बने हुए हैं। ठाणे नगर निगम को लेकर भी पेंच फंसा है, जहां बीजेपी बराबरी के आधार पर सीटें चाहती है, जबकि शिंदे गुट की शिवसेना इस प्रस्ताव से सहमत नहीं दिख रही। इन मुद्दों को सुलझाने के लिए आज एक और बैठक होने की संभावना है।
भाजपा चुनाव व्यवस्थापन समिति की बैठक आज
भाजपा की चुनाव व्यवस्थापन समिति की अहम बैठक आज सुबह 10 बजे मुंबई स्थित प्रदेश कार्यालय में होगी। बैठक में मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इसमें चुनाव प्रचार, सभाओं और रणनीति को लेकर चर्चा की जाएगी। पार्टी के उम्मीदवार सोमवार से नामांकन दाखिल करना शुरू करेंगे।
ये भी पढ़ें:
कांग्रेस भी सक्रिय, 25 दिसंबर को अहम बैठक
कांग्रेस पार्टी ने भी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। 29 महानगरपालिकाओं के उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिए 25 दिसंबर को मुंबई में कांग्रेस पार्लियामेंट्री कमेटी की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में सभी नगर अध्यक्ष अपनी-अपनी उम्मीदवार सूची के साथ मौजूद रहेंगे।
कुल मिलाकर, महाराष्ट्र महानगरपालिका चुनाव 2026 से पहले सभी दल पूरी ताकत झोंक चुके हैं। उद्धव–राज ठाकरे का संभावित गठबंधन जहां सियासी समीकरण बदल सकता है, वहीं महायुति और महाविकास आघाड़ी के भीतर की रणनीतियां भी चुनावी मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना रही हैं।