Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

महाराष्ट्र में लगातार दो बार आया भूकंप, लोगों में दहशत, जानें क्या रही तीव्रता

August 11, 2026

महाराष्ट्र में लगातार दो बार आया भूकंप, लोगों में दहशत, जानें क्या रही तीव्रता

मुंबई: महाराष्ट्र के पालघर जिले में सोमवार रात लगातार दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। ये झटके जव्हार-विक्रमगढ़ इलाके में महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र और जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों भूकंप की तीव्रता 3.2 और 3.4 रही। लगातार दो झटके आने के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि अभी तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है।

कुछ अंतराल पर आए भूकंप के दो झटके
पालघर जिला सूचना कार्यालय के मुताबिक, पहला भूकंप सोमवार रात करीब 10 बजकर 04 मिनट पर महसूस किया गया। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.2 मापी गई। इसके करीब एक घंटे बाद रात 11 बजे फिर से धरती हिली। दूसरे भूकंप की तीव्रता 3.4 रही। लगातार दो झटकों के कारण लोगों में घबराहट फैल गई और कई लोग सतर्क हो गए।

जमीन से करीब 5 किलोमीटर नीचे था केंद्र
जानकारी के अनुसार, दोनों भूकंप का केंद्र जव्हार तालुका में जमीन से करीब 5 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण इससे किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और भूकंप के दौरान जरूरी सुरक्षा उपायों का पालन करें।

पालघर में लगातार महसूस हो रहे हल्के झटके
महाराष्ट्र का पालघर जिला मुंबई के करीब स्थित है और पिछले कुछ वर्षों में यहां समय-समय पर कम तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किए जाते रहे हैं। पिछले महीने भी पालघर जिले के अलग-अलग इलाकों में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे। लगातार भूकंपीय गतिविधियों के कारण स्थानीय प्रशासन भी स्थिति पर नजर रख रहा है।

31 जुलाई को भी आया था 3.5 तीव्रता का भूकंप
पालघर जिले में 31 जुलाई को भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे। उस समय भूकंप की तीव्रता 3.5 मापी गई थी। इससे कुछ दिन पहले 25 जुलाई को भी दहानू तहसील के गंजाड इलाके में भूकंप आया था। भारी बारिश के बीच महसूस किए गए इस भूकंप की तीव्रता 3.1 थी। वहीं, 28 जुलाई को भी जिले में हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। उस समय भूकंप का केंद्र पाटिलपाड़ा गांव के पास बताया गया था।

दो दिन पहले नासिक में भी हिली थी धरती
पालघर में भूकंप के झटकों से पहले महाराष्ट्र के नासिक जिले में भी भूकंपीय गतिविधि दर्ज की गई थी। शनिवार रात नासिक में 4.3 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके बाद रविवार सुबह करीब 5 बजकर 33 मिनट पर 3.3 तीव्रता का एक और झटका महसूस किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, इन भूकंपों का केंद्र महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के पास हाटगढ़ पर्वत श्रृंखला के नजदीक भनवड इलाके में करीब 5 किलोमीटर की गहराई में था।

नासिक के कई इलाकों में महसूस हुए झटके
नासिक शहर के कुछ हिस्सों के अलावा जिले की सुरगाणा, कलवण, देवला, चांदवड, पेठ, दिंडोरी और निफाड तहसीलों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके महसूस होने के बाद कई लोग डर के कारण अपने घरों से बाहर निकल आए। जिला प्रशासन ने स्थिति की जानकारी जुटाई और प्रभावित इलाकों का जायजा लिया।

कुछ मकानों की दीवारों में आई दरारें
नासिक जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, सुरगाणा तहसील के भादर और दिंडोरी तहसील के नानाशी गांव में कुछ मकानों की दीवारों में दरारें आने की जानकारी मिली। हालांकि, पालघर में सोमवार रात आए दोनों भूकंप के बाद अभी तक किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, शांत रहें और भूकंप के दौरान सुरक्षा के जरूरी नियमों का पालन करें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें