Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

मुंबई के मुलुंड में निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का हिस्सा गिरा, 4 लोग घायल

February 14, 2026

मुंबई के मुलुंड में निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का हिस्सा गिरा, 4 लोग घायल

नेशनल डेस्क। मुंबई के मुलुंड इलाके में मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। जहां, मेट्रो के पिलर (खंभे) का सीमेंट से बना एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा। यह घटना जॉनसन गार्डन इलाके के पास हुई, जहां सड़क पर सामान्य आवाजाही चल रही थी। यह हादसा शनिवार दोपहर करीब 12 बजकर 20 मिनट पर हुआ। जानकारी के अनुसार, मेट्रो के खंभे का ऊपरी हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। उसी समय नीचे सड़क से एक ऑटो रिक्शा गुजर रहा था, जिस पर पिलर का हिस्सा गिर गया। बताया जा रहा है कि पास में खड़ी कुछ गाड़ियां भी इस हादसे की चपेट में आ गईं। जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के पास कई वाहन खड़े थे, जिन पर मेट्रो पिलर का मलबा गिरा।

 

ऑटो में सवार लोग घायल
हादसे के समय ऑटो में तीन से चार लोग बैठे हुए थे। पिलर का भारी हिस्सा सीधे ऑटो पर गिरने से सभी लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक निजी कार भी इस दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुई है।

 

राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम, पुलिस, मेट्रो कर्मचारी, वार्ड स्टाफ और 108 एंबुलेंस सेवा तुरंत मौके पर पहुंच गई। घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया गया और मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। पुलिस ने सुरक्षा के लिए आसपास के इलाके को घेर लिया और ट्रैफिक को दूसरी तरफ मोड़ दिया ताकि किसी और को नुकसान न पहुंचे।

 

हादसे की जांच जारी
फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं। यह भी देखा जा रहा है कि जिस जगह निर्माण कार्य चल रहा था, वहां सुरक्षा नियमों का ठीक से पालन किया जा रहा था या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह हादसा लापरवाही की वजह से हुआ या किसी तकनीकी खराबी के कारण।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें