
नेशनल डेस्क: आगरा एक्सप्रेस-वे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली से आ रही एक डबल डेकर बस में अचानक आग लग गई। हादसा रेवड़ी टोल प्लाजा से करीब 500 मीटर पहले हुआ। बस के पिछले पहिए में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
ये भी पढ़ें: त्योहारों में यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने किए विशेष प्रबंध; 12,000 स्पेशल ट्रेनों का संचालन
जानकारी के अनुसार, बस दिल्ली से आगरा की ओर जा रही थी। रास्ते में अचानक पिछले पहिए से धुआं निकलता देख टोल प्लाजा के पास चाय बेचने वालों ने ड्राइवर को आग लगने की सूचना दी। ड्राइवर ने तुरंत बस रोकी और सभी 39 सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी सवारियों को सुरक्षित जगह पर भेजने के बाद ड्राइवर बस को टोल प्लाजा की ओर ले गया, ताकि आग बुझाने की कोशिश की जा सके। लेकिन टोल प्लाजा के पास फायर ब्रिगेड की कोई व्यवस्था नहीं थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस धू-धू कर जलने लगी।
ये भी पढ़ें: दूसरे राज्य से धान की अवैध एंट्री पर हरियाणा सरकार सख्त, खरीद में धोखाधड़ी पर होगी FIR
मामले की सूचना मिलते ही काकोरी पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया। करीब 50 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इंस्पेक्टर सतीश राठौर ने बताया कि हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। सभी सवारियां सुरक्षित हैं और उन्हें दूसरी बस से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है और बस में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर ड्राइवर समय रहते सवारियों को बाहर न निकालता तो बड़ा हादसा हो सकता था। ड्राइवर की सतर्कता के कारण सभी यात्रियों की जान बच गई।
मेष: दिन शुभ रहेगा...