Last Updated: October 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

नेपाली मूल के व्यक्ति ने अपनी पत्नी को उतारा मौत के घाट, दो महीने बाद शव बरामद

April 25, 2023

नेपाली मूल के व्यक्ति ने अपनी पत्नी को उतारा मौत के घाट, दो महीने बाद शव बरामद

शिमला (गजेंद्र): चौपाल उपमंडल में नेपाली मूल के एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। हत्त्या कर शव को बगीचे में फेंक दिया। वारदात के दो महीने बाद पुलिस ने गला-सड़ा शव बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका दो बच्चों की मां है। उसकी छोटी बच्ची पांच महीने की है। मामला चौपाल उपमंडल के मढ़ोग का है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक नेपाली मूल की माया (27) अपने पति गोपाल व दो बच्चों संग चौेपाल के बैहन में रह रही थी। दंपति यहां बगीचे में काम करते थे। मढ़ोग निवासी सुनील बरागटा सोमवार को अपने बगीचे में काम कर रहा था। इस दौरान बगीचे में उसे एक जूता व कपड़े बिखरे हुए मिले। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुँचकर जाँच शुरू की और कुछ दूरी पर एक गला सड़ा शव बरामद किया। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। शव की शिनाख्त लापता चल रही माया के तौर पर हुई। इस सिलसिले में पुलिस ने मृतक महिला के पति गोपाल को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी गोपाल ने डंडे के वार से पत्नी को मौत के घाट उतारा था। हत्या में प्रयुक्त डंडे को भी बरामद कर लिया गया है। माना जा रहा है कि कहासूनी व आपसी अनबन की वजह से आरोपी ने पत्नी की हत्या की है। दंपति की सात साल की बेटी और पांच माह की मासूम बच्ची है।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दोनों बच्चियों संग चौपाल क्षेत्र में ही अपने पूर्व परिचित नेपाली परिवार के साथ रह रहा था। उसने इस परिवार को यह बताया था कि उसकी पत्नी उसे छोड़कर कहीं चली गई है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें