नूहं। यहां मिठाई खाने से एक ही परिवार के नौ से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई। बताया जाता है कि इनमें सात बच्चे शामिल हैं। इनमें दो की हालत गंभीर है। सभी को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया है।
ये हैं बीमार होने वाले बच्चे
बच्चों की पहचान सामरीन, सनम, समर, सोफिया, अजूबा, रजिना और रोहन के रूप में हुई है। इसके अलावा परिवार के अन्य सदस्य भी बीमार हो गए हैं। इनमें एक महिला भी शामिल है।मिली जानकारी के अनुसार सा बच्चों की हालत खराब होने पर उन्हें नलहड़ स्थित शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज रेफर किया। जबकि दो अन्य का इलाज मांडीखेड़ा अल आफिया अस्पताल में चल रहा है।
दो बच्चों की हालत नाजुक
डॉक्टरों की टीम सभी मरीजों की स्थिति पर नजर रखें हैं। इनमें दो बच्चों की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। पीड़ित परिवार के सदस्य राहुल के मुताबिक उनका छोटा भाई जो पेशे से चालक है, बड़कली चौक से मिठाई लेकर आया था। सुबह के समय जैसे ही परिवार के लोगों, खासकर बच्चों ने मिठाई खाई, करीब 10 मिनट के भीतर उल्टी और घबराहट की शिकायत शुरू हो गई। इसके बाद तुरंत सभी को अस्पताल ले जाया गया।
एंबुलेंस चालक ने दी जानकारी
मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाले एंबुलेंस चालक ने बताया कि सभी बच्चे एक ही परिवार के हैं और मिठाई खाने के तुरंत बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। सबसे पहले उन्हें मांडीखेड़ा अल आफिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से कुछ की हालत गंभीर होने पर उन्हें शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि यह मिठाई बड़कली चौक स्थित एक दुकान से खरीदी गई थी।
मिलावट की अधिकारिक पुष्टि नहीं
मिठाई में मिलावट की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और प्रशासन की ओर से जांच जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुनाफे के लालच में कुछ दुकानदार मिलावटी मिठाई बेच रहे हैं, जिससे लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ हो रहा है। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और संबंधित मिठाई के सैंपल जांच के लिए भेजे जा सकते हैं।
Also Read :

