नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर-119 स्थित द अरण्य सोसायटी में रविवार को एक फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई। धुआं उठता देख लोग घबराकर अपने-अपने फ्लैटों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया और काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह एसी फटने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दमकल विभाग ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
इस घटना में राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के घायल होने या किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं मिली है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोगों को भी एहतियात के तौर पर बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति घायल हो तो उसे बिना देरी के बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को पूरी सतर्कता बरतने और राहत कार्यों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
बता दें हाल ही में राजधानी लखनऊ में हुए बड़े अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश सरकार आग से जुड़ी घटनाओं को लेकर अधिक सतर्क हो गई है। इसी के तहत प्रदेश के कई जिलों में होटल, रेस्टोरेंट, पीजी, कोचिंग सेंटर और अन्य व्यावसायिक संस्थानों में फायर सेफ्टी व्यवस्था की जांच भी तेज कर दी गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
मेष: दिन शुभ रहेगा...