Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली के रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास झुग्गी बस्ती में भीषण आग, मंगवानी पड़ी 29 दमकल गाड़ियां

November 8, 2025

दिल्ली के रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास झुग्गी बस्ती में भीषण आग, मंगवानी पड़ी 29 दमकल गाड़ियां

नेशनल डेस्क: राजधानी दिल्ली के रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास शुक्रवार देर रात एक झुग्गी बस्ती में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई झोपड़ियां जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। हादसे में एक बच्चा घायल हुआ है, जिसे तुरंत अस्पताल भेजा गया।

कई सिलेंडरों के फटने से और बढ़ी आग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के दौरान झुग्गियों में रखे गैस सिलेंडर फटने की आवाजें सुनाई दीं। सिलेंडरों के धमाके से आग और ज्यादा भड़क उठी और थोड़ी ही देर में पूरी बस्ती आग की लपटों में घिर गई। लोग अपने घरों से कुछ भी निकाल नहीं पाए और सब कुछ जलकर राख हो गया।

ये भी पढ़ें: दर्दनाक सड़क हादसा: कैंटर से टकराई तेज रफ्तार कार, चार दोस्तों की मौके पर मौत

दमकल विभाग ने चलाया घंटों लंबा ऑपरेशन

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 29 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया। दमकल अधिकारी एस.के. दुआ ने बताया कि आग रिठाला मेट्रो स्टेशन और दिल्ली जल बोर्ड के बीच स्थित बंगाली बस्ती की झोपड़ियों में लगी थी। आग की गंभीरता को देखते हुए इसे मध्यम श्रेणी की आग घोषित किया गया था। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने भी मौके पर पहुंचकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

दमकल विभाग ने पुष्टि की है कि हादसे में किसी की मौत की खबर नहीं है। सिर्फ एक बच्चा घायल हुआ है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। हालांकि, कई झुग्गियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जिससे लोगों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

आग लगने के कारणों की जा रही जांच

अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आग कैसे लगी। दमकल विभाग और पुलिस दोनों मिलकर घटना की जांच कर रहे हैं। प्राथमिक आशंका है कि गैस सिलेंडर या बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगी हो सकती है।

यह हादसा एक बार फिर झुग्गी बस्तियों में सुरक्षा इंतज़ामों की कमी और आग बुझाने की चुनौती को उजागर करता है। फिलहाल राहत-बचाव कार्य पूरा हो चुका है और प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें