Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Mathura Accident: यमुना एक्सप्रेसवे पर एक के बाद एक आपस में टकराई 7 बसें और 3 गाड़ियां, वाहनों में लगी आग, चारों ओर मच गई चीख पुकार

December 16, 2025

Mathura Accident: यमुना एक्सप्रेसवे पर एक के बाद एक आपस में टकराई 7 बसें और 3 गाड़ियां, वाहनों में लगी आग, चारों ओर मच गई चीख पुकार

Mathura Accident: मथुरा में मंगलवार तड़के घने कोहरे के कारण यमुना एक्सप्रेसवे पर एक भयावह सड़क हादसा हो गया। थाना बलदेव क्षेत्र में माइलस्टोन 127 के पास सात बसें और तीन कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर के तुरंत बाद कई वाहनों में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में अब तक चार लोगों की जलकर मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई है, जबकि 100 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि धमाकों की आवाज गोलियों जैसी लगी। हादसे के बाद आग की लपटें उठती देख आसपास के गांवों के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। एक चश्मदीद ने बताया कि करीब 20 एंबुलेंस की मदद से लगभग 150 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे
एम्बुलेंस कर्मी अमित कुमार ने बताया कि घायलों और हताहतों की सही संख्या का आकलन अभी किया जा रहा है, क्योंकि कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है। कई घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के साथ-साथ क्षतिग्रस्त वाहनों से फंसे यात्रियों को निकालने का काम जारी है।

हादसे के समय सो रहे थे यात्री
एक बस यात्री ने बताया कि हादसे के समय वह बस में सो रहा था और बस यात्रियों से पूरी तरह भरी हुई थी। अचानक जोरदार झटका लगा और कुछ ही पलों में आग फैल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि बसों में आग लगने से मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, हालांकि प्रशासन फिलहाल चार मौतों की ही पुष्टि कर रहा है।

नहीं हो सका नुक्सान का आकलन
प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और कोहरे के चलते एक्सप्रेसवे पर वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। राहत एवं बचाव कार्य पूरा होने के बाद ही नुकसान का पूरा आंकलन सामने आ सकेगा।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें