Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

मां-बहन को पीट रहे पिता की हत्या, नाबालिग बेटे ने मारी रॉड फिर ले गया अस्पताल

July 8, 2026

मां-बहन को पीट रहे पिता की हत्या, नाबालिग बेटे ने मारी रॉड फिर ले गया अस्पताल

Minor son hits father with rod causes death : करनाल। गांव कुटेल में घरेलू विवाद ने मंगलवार रात दर्दनाक मोड़ ले लिया। मां और बहन के साथ मारपीट कर रहे शराबी पिता को रोकने के प्रयास में नाबालिग बेटे ने लोहे की रॉड से सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद बेटा घायल पिता को खुद सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बेटा हिरासत में, मां और मामा पर भी केस

पुलिस ने नाबालिग आरोपित बेटे को हिरासत में ले लिया है। मामले में मृतक की पत्नी, 17 वर्षीय बेटे और साले के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मृतक की पत्नी बबली ने बताया कि उसका 55 वर्षीय पति राजेंद्र एक कंपनी में चालक था और शराब का आदी था। वह अक्सर नशे में घर आकर उसके और बेटी के साथ मारपीट करता था। उनका 17 वर्षीय बेटा ही हर बार बीच-बचाव करता था। मंगलवार रात भी राजेंद्र शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी व बेटी के साथ मारपीट करने लगा, जिसके बाद घटनाक्रम ने हिंसक रूप ले लिया।

मां-बहन को बचाने के लिए किया वार

बबली के अनुसार, जब उसका बेटा बीच-बचाव करने पहुंचा तो भी राजेंद्र नहीं रुका और मारपीट जारी रखी। मां और बहन को बचाने के लिए बेटे ने लोहे की रॉड से पिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद बेटा खुद घायल पिता को अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी ने दो दिन पहले ही मधुबन थाना में पति की मारपीट की शिकायत भी दर्ज कराई थी।

हो रही जांच, नाबालिग है या नहीं

इस सबंध में मधुबन थाना प्रभारी लखविंदर सिंह ने बताया कि मृतक के भतीजे मनीष की शिकायत पर आरोपित नाबालिग बेटे, मृतक की पत्नी और उसके साले के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपित बेटे को हिरासत में ले लिया है, उसके दस्तावेज चेक किए जा रहे हैं कि वह नाबालिग है या नहीं। आरोपित से पूछताछ जारी है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें