Site icon Dainik Savera Times

NCR में मानसून की दमदार एंट्री, झमाझम बारिश से मिली राहत

Monsoon strong entry into NCR : अंबाला। प्रदेश, एनसीआर और दिल्ली में मानसून ने जोरदार दस्तक दे दी है। गुरुवार को प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों के कुछ क्षेत्रों को छोड़कर अधिकतर इलाकों में तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।

1-2 दिन में पूरा हरियाणा होगा कवर

मौसम विशेषज्ञ और राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि अगले एक-दो दिनों में मानसून पूरे हरियाणा को कवर कर लेगा। उन्होंने बताया कि उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से दक्षिण-पूर्वी मानसूनी हवाओं और पछुआ हवाओं के मिलन के कारण मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला। कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर मूसलाधार वर्षा हुई।

महेंद्रगढ़ में झमाझम, तापमान में भारी गिरावट

डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार महेंद्रगढ़ जिले में गुरुवार अलसुबह से ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। जिले में नारनौल में 40 मिमी, अटेली में 43 मिमी, नांगल चौधरी में 37 मिमी, महेंद्रगढ़ में 33 मिमी, सतनाली में 29.5 मिमी तथा कनीना में 14 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। बारिश के चलते जिले का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

5 दिन बारिश का अलर्ट, मिलेगी राहत

उन्होंने बताया कि अगले पांच दिनों तक हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज सतही हवाएं भी चल सकती हैं। लगातार बादल छाए रहने और मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी, जबकि खरीफ फसलों के लिए यह बारिश लाभदायक साबित होगी। वहीं, तेज बारिश के कारण कुछ स्थानों पर जलभराव, यातायात बाधित होने और पेड़ों की शाखाएं टूटने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

Also Read :

Exit mobile version