Site icon Dainik Savera Times

मानसून का बदला मिजाज, जलवायु परिवर्तन बना बड़ी वजह

Today weather 7 July 2026

Today weather 7 July 2026

Monsoon’s mood changed : अंबाला। हरियाणा-एनसीआर में मानसून के स्वरूप और उसकी सक्रियता में पिछले कुछ वर्षों के दौरान बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। इस परिवर्तन के कारण मौसम का मिजाज बदलेगा। जलवायु परिवर्तन इसकी बड़ी वजह होगा।

अल नीनो-ला नीना का मानसून पर असर

पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी एवं राजकीय महाविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार जलवायु परिवर्तन और प्रशांत महासागर में बनने वाली अल नीनो-ला नीना जैसी परिस्थितियों के कारण मानसून का पारंपरिक पैटर्न बदल चुका है। इसका असर बारिश के वितरण और मौसम की चरम परिस्थितियों के रूप में दिखाई दे रहा है। डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान में दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बना वेल मार्क लो प्रेशर उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है, जिसके प्रभाव से हरियाणा-एनसीआर में अगले दो से तीन दिन तक मानसूनी गतिविधियां बनी रहेंगी।

12 जुलाई से मानसून ब्रेक के आसार

11 जुलाई से राज्य के अधिकतर हिस्सों में बारिश में कमी आने की संभावना है तथा 12 जुलाई से लगभग एक सप्ताह तक मानसून ब्रेक जैसी स्थिति बन सकती है। उन्होंने बताया कि इस दौरान मानसून ट्रफ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों की ओर खिसक जाएगी, जिससे मैदानी क्षेत्रों विशेषकर हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में केवल आंशिक बादल छाए रहने तथा कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना रहेगी। लगातार दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से उमस और तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी महसूस की जा सकती है।

18-19 से फिर बरस सकता है मानसून

डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार बुधवार को महेंद्रगढ़ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई। अटेली में 14.5 मिमी, कनीना में 11.5 मिमी, नारनौल में 9.5 मिमी, महेंद्रगढ़ व नांगल चौधरी में 7-7 मिमी तथा सतनाली में 2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। बारिश के बाद जिले में मौसम सुहावना हो गया और दिन-रात का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। नारनौल में अधिकतम तापमान 31 डिग्री तथा न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि महेंद्रगढ़ में अधिकतम 31.4 डिग्री और न्यूनतम 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि यदि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में नई मौसम प्रणालियां सक्रिय होती हैं तथा पश्चिमी विक्षोभ का सहयोग मिलता है तो 18 या 19 जुलाई के आसपास मानसून एक बार फिर सक्रिय होकर हरियाणा-एनसीआर में अच्छी वर्षा करा सकता है।

Also Read :

Exit mobile version