Last Updated: September 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

छत्तीसगढ़ में 100 से ज्यादा नक्सलियों ने टेके घुटने, सिर पर था करोड़ों का इनाम

March 11, 2026

छत्तीसगढ़ में 100 से ज्यादा नक्सलियों ने टेके घुटने, सिर पर था करोड़ों का इनाम

नेशनल डेस्क: देश में नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म करने के लक्ष्य की समयसीमा जैसे-जैसे करीब आ रही है, वैसे-वैसे कई माओवादी संगठन के सदस्य हथियार छोड़कर आत्मसमर्पण कर रहे हैं। सरकार ने 31 मार्च तक नक्सलवाद के खात्मे का लक्ष्य रखा है। इसी बीच छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में नक्सलियों ने सरेंडर किया है। जानकारी के मुताबिक, कुल 106 नक्सलियों ने पुलिस और प्रशासन के सामने आत्मसमर्पण किया है, जिन पर मिलाकर करीब 3.95 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। इनमें से 67 नक्सली बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों से जुड़े बताए जा रहे हैं।

बीजापुर जिले में अलग-अलग रैंक के कई नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। यहां डीवीसीएम (डिविजनल कमेटी मेंबर) रैंक के 2, पीपीसीएम रैंक के 4, एसीएम रैंक के 9 और पीएम रैंक के 22 नक्सलियों ने हथियार छोड़ दिए। इस तरह कुल 37 नक्सलियों ने सरेंडर किया, जिन पर मिलाकर 1 करोड़ 6 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

वहीं नारायणपुर जिले में भी कई नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। यहां डीवीसीएम रैंक का एक, सीवाईपीसीएम का एक, पीपीसीएम का एक और पीएम रैंक के दो नक्सलियों ने पुलिस के सामने सरेंडर किया। इन पांच नक्सलियों पर कुल 22 लाख रुपये का इनाम रखा गया था।

बस्तर क्षेत्र में भी नक्सलियों के आत्मसमर्पण का सिलसिला जारी है। यहां डीवीसीएम रैंक का 1, पीपीसीएम रैंक के 5, एसीएम रैंक के 3 और पीएम रैंक के 7 नक्सलियों ने हथियार डाल दिए। कुल 16 नक्सलियों पर करीब 99 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा कांकेर जिले में भी तीन नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इनमें डीवीसीएम रैंक का एक और एसीएम व पीएम रैंक के एक-एक नक्सली शामिल हैं। इन तीनों पर मिलाकर 14 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

सुकमा जिले में भी बड़ी संख्या में नक्सलियों ने सरेंडर किया। यहां सीवाईपीसीएम रैंक के 2, पीपीसीएम रैंक के 6, एसीएम रैंक के 5 और पीएम रैंक के 18 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इन सभी पर कुल 85 लाख रुपये का इनाम रखा गया था।

वहीं दंतेवाड़ा जिले में डीवीसीएम रैंक का 1, पीपीसीएम रैंक के 2, एसीएम रैंक के 5 और पीएम रैंक के 22 नक्सलियों ने हथियार डाल दिए। इन सभी पर कुल 69 लाख रुपये का इनाम घोषित था। अधिकारियों का कहना है कि सरकार की पुनर्वास नीति और सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई के कारण नक्सली अब मुख्यधारा में लौटने का फैसला कर रहे हैं।

Video: सोमवार से खुलेगा श्रीनगर का ट्यूलिप गार्डन, 18 लाख ट्यूलिप के दीदार के लिए हो जाइए तैयार

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें