MP Police Constable Recruitment 2026: मध्य प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने पुलिस कांस्टेबल (GD) के 7,500 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं। यह भर्ती स्पेशल आर्म्ड फोर्स (SAF) और नॉन-SAF कैडर के लिए होगी। आवेदन की प्रक्रिया 22 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। योग्य उम्मीदवार 6 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अगर फॉर्म में कोई गलती हो जाती है, तो 11 अक्टूबर 2026 तक उसमें सुधार किया जा सकता है।
10वीं पास उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन
इस भर्ती के लिए सामान्य और OBC वर्ग के उम्मीदवारों का 10वीं पास होना जरूरी है। मध्य प्रदेश के SC वर्ग के उम्मीदवार 8वीं पास होने पर भी आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार की उम्र 6 अक्टूबर 2026 को कम से कम 18 साल और अधिकतम 33 साल होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियम के अनुसार उम्र में छूट मिलेगी।
कितनी है आवेदन फीस?
सामान्य और दूसरे राज्य के उम्मीदवारों के लिए परीक्षा फीस 500 रुपये है। वहीं EWS, OBC, SC, ST और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए फीस 250 रुपये रखी गई है। इसके अलावा आवेदन करने के तरीके के हिसाब से पोर्टल फीस भी देनी होगी। MP Online कियोस्क से आवेदन करने पर 60 रुपये और रजिस्टर्ड सिटीजन यूजर से आवेदन करने पर 20 रुपये अतिरिक्त लगेंगे।
कैसे होगा चयन?
उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में होगा। सबसे पहले 100 अंकों की कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा होगी। इसके बाद 100 अंकों का फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) होगा।
फिजिकल टेस्ट में 800 मीटर दौड़, लंबी कूद और गोला फेंक शामिल हैं। इसके बाद फिजिकल मेजरमेंट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट होगा। 800 मीटर दौड़ के लिए पुरुष उम्मीदवारों को 198.3 सेकंड और महिला उम्मीदवारों को 261.8 सेकंड का समय दिया जाएगा। लंबी कूद में पुरुषों के लिए 2.96 मीटर और महिलाओं के लिए 2.04 मीटर का मानक है। गोला फेंक में पुरुषों के लिए 3.8 मीटर और महिलाओं के लिए 2.85 मीटर का मानक रखा गया है।
कितनी होनी चाहिए लंबाई?
SAF कैडर में सामान्य और OBC पुरुष उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर होनी चाहिए। गोरखा, गढ़वाली और कुमाऊं वर्ग के पुरुषों के लिए यह 157 सेंटीमीटर है। मराठा, SC और ST पुरुष उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 165 सेंटीमीटर रखी गई है।
नॉन-SAF कैडर में UR, SC और OBC पुरुष उम्मीदवारों की लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और ST पुरुष उम्मीदवारों की 160 सेंटीमीटर होनी चाहिए। महिला उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 155 सेंटीमीटर निर्धारित है।
19 नवंबर से शुरू होगी परीक्षा
–MPESB के अनुसार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 19 नवंबर 2026 से शुरू होगी। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को पहले आधिकारिक वेबसाइट पर अपना प्रोफाइल रजिस्टर करना होगा और KYC पूरा करना होगा।
–इसके बाद कांस्टेबल भर्ती के लिंक पर जाकर अपनी व्यक्तिगत और पढ़ाई से जुड़ी जानकारी भरनी होगी। उम्मीदवारों को SAF या नॉन-SAF कैडर, जिला/यूनिट और परीक्षा शहर की पसंद भी भरनी होगी।
–फोटो, सिग्नेचर और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद फीस जमा करके फॉर्म सबमिट किया जा सकता है।
–उम्मीदवार आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन जरूर पढ़ें और अपनी योग्यता व शारीरिक मानकों की जांच कर लें।