नेशनल डेस्क: सोलापुर से मुंबई जा रहे एक व्यापारी को ट्रेन में नींद आ गई, जब उसकी आंख खुली तो उसके होश उड़ गए। व्यापारी का करोड़ों के गहनों वाला बैग गायब था। इस घटना के बाद ट्रेन में हड़कंप मच गया।
यह मामला सिद्धेश्वर एक्सप्रेस ट्रेन का है। व्यापारी ने 6 दिसंबर की रात को सोलापुर से ट्रेन पकड़ी थी लेकिन मुंबई पहुंचने से पहले ही चोर व्यापारी के गहनों वाला बैग उड़ा ले गए। इन गहनों की कीमत 5.53 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें: Plane Crash Video: इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान कार से टकराया प्लेन, वीडियो में दिखा खौफनाक मंजर
कैसे हुई चोरी?
कल्याण में स्थित जीआरपी पुलिस ने बताया कि व्यापारी के पास 2 ट्रॉली बैग थे, जिनमें 4,456 ग्राम सोने के गहने थे। उसने अपने दोनों बैग सीट के नीचे रखकर चेन से बांध दिए थे। रात को व्यापारी सो गया और चोर चेन तोड़कर ट्रॉली बैठ चोरी करके फरार हो गए।
मामला दर्ज
जब व्यापारी की आंख खुली तो उसने देखा कि बैग गायब थे। उसने फौरन पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 (सी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
कल्याण जीआरपी के वरिष्ठ अधिकारी पनधारी कांदे ने बताया कि हमने मामला दर्ज कर लिया है। चोर ने व्यापारी के सोने का फायदा उठाकर सारे गहने गायब कर दिए। अभी तक मामले में कोई भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। हम आरोपी की तलाश कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: यूरोपीय देशों पर भड़के ट्रंप, कहा- पतन की ओर बढ़ रहे हैं कुछ देश

