Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

Haryana Congress : मेयर पद के लिए अंबाला से कुलविंदर, सोनीपत से कमल तो पंचकूला से सुधा

April 19, 2026

Haryana Congress : मेयर पद के लिए अंबाला से कुलविंदर, सोनीपत से कमल तो पंचकूला से सुधा

अंबाला। कांग्रेस ने तीन जिलों में नगर निगम चुनाव के लिए अपने मेयर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने अंबाला से कुलविंदर को, सोनीपत से कमल दीवान तो पंचकूला से सुधा भारद्वाज को मैदान में उतारने का फैसला लिया है।

सोनीपत से कमल दीवान पर भरोसा

सोनीपत में आलाकमान की बैठक के बाद ये मुहर लगाई। वर्तमान में कमल दीवान सोनीपत शहरी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हैं और संगठन में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। पार्टी नेताओं का मानना है कि शहर की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ और संगठनात्मक अनुभव चुनाव में लाभ दिला सकता है। बताते हैं कि वे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के करीबी माने जाते हैं। इसी कारण पार्टी नेतृत्व ने निकाय चुनाव में उन पर फिर भरोसा जताया है। कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारियों का कहना है कि इस बार चुनाव पूरी तैयारी और एकजुटता के साथ लड़ा जाएगा। अनुभव की बात करें तो कमल दीवान पहले भी मेयर का चुनाव लड़ चुके हैं। 2025 के उपचुनाव में उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में मुकाबला किया था, लेकिन उन्हें भाजपा के राजीव जैन से हार का सामना करना पड़ा था। उस समय पार्टी के भीतर गुटबाजी को हार का प्रमुख कारण माना था। अब कांग्रेस ने दोबारा उन्हें उम्मीदवार बनाकर स्पष्ट संकेत दिया है कि पार्टी इस बार पिछली कमियों को दूर कर चुनाव मैदान में उतरना चाहती है। इस चुनाव में कमल दीवान भ्रष्टाचार मुक्त नगर निगम और शहर के विकास को मुख्य मुद्दा बना रहे हैं।

पंचकूला में मेयर पद के लिए सुधा होंगी प्रत्याशी

दूसरी ओर पंचकूला नगर निगम में मेयर पद के लिए कांग्रेस ने महिला विंग की पूर्व अध्यक्ष सुधा भारद्वाज पर भरोसा जताया है। उनका नाम मेयर उम्मीदवार के लिए फाइनल कर दिया गया है। मेयर उम्मीदवार के नाम की घोषणा प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने की। इससे पंचकूला में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस में मेयर उम्मीदवार के लिए पेंच फंसा था। पंचकूला विधायक चंद्रमोहन और सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा सुधा के पक्ष में थे। नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र रावल की दावेदारी भी मजबूत थी। वे पंजाबी समुदाय से आते हैं, जिसके करीब 50 हजार मतदाता हैं। सुधा भारद्वाज कांग्रेस में वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर रह चुकी हैं। उनके पति संजीव भारद्वाज प्रदेश कांग्रेस के मीडिया इंचार्ज का काम देख रहे हैं। सुधा का परिवार हुड्डा विरोधी खेमें में गिना जाता है।

अंबाला से कुलविंदर कौर लड़ेंगी मेयर चुनाव

इसके अलावा तीसरी और अंतिम मेयर पद के लिए अंबाला से कुलविंदर कौर को पार्टी ने मेयर पद का प्रत्याशी बनाने का फैसला किया है। बता दें कि कुलविंद्र कौर पहली बार चुनाव लड़ रही हैं और उन्होंने औपचारिक रूप से छह महीने पहले ही पार्टी ज्वाइन की है। उन्होंने पार्टी को इस अवसर के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि अंबाला लोकसभा सीट और अंबाला नगर विधानसभा सीट जीतने के बाद पार्टी नगर निगम चुनाव में भी जीत हासिल करेगी। अंबाला जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहरी) पवन अग्रवाल ने पार्टी के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि अगले सप्ताह सभी 20 वार्डों से पार्टी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी। भाजपा, आईएनएलडी और अन्य पार्टियों ने अभी तक अपने महापौर उम्मीदवारों के नाम घोषित नहीं किए हैं।

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें