Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

LPG ग्राहकों के लिए आया नया अपडेट… पढ़ें बदलाव से जुड़ी हर जरूरी जानकारी

September 30, 2025

LPG ग्राहकों के लिए आया नया अपडेट… पढ़ें बदलाव से जुड़ी हर जरूरी जानकारी

नई दिल्ली: एलपीजी ग्राहकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब आप अपने गैस सप्लायर को बदलने के लिए नया कनेक्शन लेने की जरूरत नहीं होगी। जल्द ही मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी की तरह एलपीजी पोर्टेबिलिटी की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे ग्राहक अपनी मौजूदा गैस कंपनी छोड़कर किसी अन्य कंपनी में आसानी से स्विच कर सकेंगे। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) ने इस दिशा में एक नया “एलपीजी इंटरऑपरेबिलिटी फ्रेमवर्क” तैयार किया है और इसके लिए उपभोक्ताओं, डीलरों व अन्य संबंधित पक्षों से सुझाव आमंत्रित किए हैं।

क्यों थी जरूरत?

देश में 32 करोड़ से अधिक परिवार एलपीजी गैस का उपयोग करते हैं, लेकिन हर साल लगभग 17 लाख शिकायतें आती हैं। ज्यादातर शिकायतें रिफिल की देरी और सिलेंडर की आपूर्ति में बाधा को लेकर होती हैं। कई बार स्थानीय डीलर सिलेंडर की डिलीवरी में असमर्थ रहते हैं, जिससे ग्राहक परेशान होते हैं। वर्तमान में ग्राहकों के लिए गैस कंपनी बदलना मुश्किल था क्योंकि वे केवल उसी कंपनी के डीलरों से सिलेंडर खरीद सकते थे। इस नए फ्रेमवर्क के लागू होने से ग्राहकों को ज्यादा विकल्प मिलेंगे और बेहतर सेवा की उम्मीद की जा सकती है।

पिछली कोशिशें क्यों असफल रहीं?

2013 में यूपीए सरकार ने 24 ज़िलों में एलपीजी पोर्टेबिलिटी का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया था, जिसे 2014 में 480 ज़िलों तक बढ़ाया गया। हालांकि, यह सुविधा केवल कंपनी के अंदर डीलर बदलने तक सीमित थी, ग्राहक कंपनी नहीं बदल सकते थे। इसी वजह से उपभोक्ताओं की समस्याएं जस की तस बनी रहीं और योजना का व्यापक प्रभाव नहीं दिखा।

नई योजना से क्या मिलेगा?

पीएनजीआरबी इस बार ग्राहकों को सीधे सेवा पाने का अधिकार देना चाहता है। इसका मतलब अगर किसी इलाके में इंडेन की आपूर्ति में दिक्कत हो, तो ग्राहक भारत गैस या एचपी गैस से भी सिलेंडर प्राप्त कर सकेंगे। इससे आपूर्ति में बाधा और डिलीवरी की देरी जैसी समस्याओं का समाधान होगा। नियामक बोर्ड का मानना है कि मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी की तरह एलपीजी पोर्टेबिलिटी भी कंपनियों को बेहतर सेवा देने के लिए प्रेरित करेगी।

अभी यह योजना अंतिम रूप लेने के लिए हितधारकों से सुझाव मांगे जा रहे हैं, जो अक्टूबर के मध्य तक स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद नियमों को फाइनल कर देशभर में इस सुविधा को लागू करने की तारीख तय की जाएगी। अगर यह योजना सफल होती है, तो यह पहली बार होगा जब एलपीजी ग्राहक बिना नया कनेक्शन लिए अपनी पसंद की कंपनी से गैस खरीद सकेंगे, जिससे उनकी सुविधा और संतुष्टि दोनों बढ़ेंगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें