Site icon Dainik Savera Times

PM Modi और Amit Shah की मौजूदगी में नीतीश ने 10वीं बार बिहार के CM पद की शपथ ली

पटना: जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने वीरवार को एक भव्य समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री पद की रिकॉर्ड 10वीं बार शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई गणमान्य नेता उपस्थित रहे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के प्रभारी धर्मेद्र प्रधान भी इस अवसर पर मौजूद थे। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में कुमार और 26 सदस्यीय मंत्रिपरिषद को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘बिहार सरकार में मंत्रियों के रूप में शपथ लेने वाले सभी साथियों को हार्दिक बधाई। यह समर्पित नेताओं की शानदार टीम है, जो बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। सभी को मेरी शुभकामनाएं।’ समारोह के अंत में प्रधानमंत्री ने अपने चिरपरिचित अंदाज में ‘गमछा’ हवा में लहराकर उपस्थित जनसमूह का उत्साह बढ़ाया शपथ ग्रहण समारोह के लिए गांधी मैदान में विशाल मंच तैयार किया गया था, जहां एनडीए शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी शिरकत की।

इनमें आंध्र प्रदेश के एन. चंद्रबाबू नायडू, उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के देवेंद्र फड़नवीस, असम के हिमंत विस्वा सरमा और दिल्ली की रेखा गुप्ता शामिल थीं। शपथ लेने वालों में भाजपा विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी और उपनेता विजय कुमार सिन्हा शामिल थे, जो पिछली एनडीए सरकार में उपमुख्यमंत्री थे। मंत्रिमंडल में कम से कम 3 मंत्री विधान परिषद के सदस्य हैं जिनमें जद (यू) के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यमंत्री के विश्वस्त अशोक चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रमुख संतोष कुमार सुमन शामिल हैं। जमुई से लगातार दूसरी बार निर्वाचित पुरस्कार विजेता निशानेबाज श्रेयसी सिंह को पहली बार मंत्रिमंडल में जगह मिली है। मुजफ्फरपुर के पूर्व सांसद अजय निषाद की पत्नी और औराई से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक रमा निषाद को भी मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया है।

जद (यू) के 9 बार के विधायक बिजेंद्र प्रसाद यादव भी एक बार फिर मंत्रिमंडल में लौटे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बाद शपथ लेने वाले अन्य 26 मंत्रियों में जद (यू) से विजय चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी (एमएलसी), सुनील कुमार, लेशी सिंह, मदन सहनी, मोहम्मद जामा खान शामिल हैं। भाजपा से सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडेय, दिलीप जायसवाल, नितिन नवीन, राम कृपाल यादव, संजय सिंह टाइगर, रमा निषाद, लखेंद्र कुमार रोशन, श्रेयसी सिंह, नारायण प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, अरुण शंकर प्रसाद और डॉ. प्रमोद कुमार (एमएलसी) शामिल हैं। हम से संतोष सुमन, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) से दीपक प्रकाश के साथ लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संजय कुमार और संजय कुमार सिंह हैं।

ये भी पढ़ें : ईरान पर हमले के विरोध में कश्मीर में भारी प्रदर्शन, 2 दिनों के लिए सभी स्कूल-कॉलेज बंद

Exit mobile version