
नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से सुप्रीम कोर्ट तक निकाले जाने वाले मार्च को ‘नौटंकी’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी चुनावी हार का दोष निर्वाचन आयोग पर मढ़ती रही है, जबकि इसके लिए असल में उसका खुद का ‘विचार-शून्य’ नेतृत्व जिम्मेदार है। शिवराज ने यहां भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) के खिलाफ कांग्रेस के आंदोलन को ‘शिव की बारात’ बताने के लिए राहुल की आलोचना की।
उन्होंने कहा कि यह असल में ‘गुंडों का समूह’ है, जो सड़कों पर अराजकता फैला रहा है। कांग्रेस पिछले कई वर्षों से संवैधानिक संस्थाओं पर हमला कर रही है और अपनी हार के लिए उन्हें दोषी ठहरा रही है, जबकि इसके लिए खुद उसका नेतृत्व जिम्मेदार है।’ उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की हार की वजह निर्वाचन आयोग नहीं है। कांग्रेस की हार की वजह उसका ‘विचार-शून्य’ नेतृत्व है, जो न तो देश को जानता है, न ही यहां के लोगों, जीवन-मूल्यों और परंपराओं को।’ शिवराज ने कांग्रेस के सीईसी-विरोधी आंदोलन को ‘शिव की बारात’ कहने के लिए भी राहुल पर निशाना साधा।
शिवराज ने राहुल की टिप्पणी को लेकर उन पर कटाक्ष करते पूछा कि देश या कांग्रेस उनसे क्या उम्मीद कर सकती है, जब वह खुद मानते हैं कि वह कोई योजना नहीं बनाते। शिवराज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस केंद्र में सत्ता में आने की कोशिश में विदेशी ताकतों के साथ मिलकर अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है, क्योंकि वह ”लोगों की नजर में गिर गई है और उनका भरोसा खो चुकी है। भाजपा नेता ने कहा कि राहुल गांधी का जन्म शायद लाखों झूठों के मरने के बाद ही हुआ होगा।