इंटरनेशनल डेस्क: भारत के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को एक अहम जानकारी दी है। मंत्रालय ने बताया कि ईरान ने आम भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए दी जाने वाली वीज़ा छूट यानी वीज़ा-फ्री एंट्री सुविधा को बंद कर दिया है। यह फैसला 22 नवंबर से लागू हो गया है।
ये भी पढ़ें: अचानक गिरे सोने-चांदी के रेट, क्यों तेजी से गिरे दाम? पढ़ें…
मंत्रालय के अनुसार, हाल ही में कई मामले सामने आए हैं, जिनमें भारतीय नागरिकों को झूठे रोजगार के वादे या दूसरे देशों में भेजने का भरोसा देकर ईरान ले जाया जा रहा था। इनमें से कई लोग वीज़ा-फ्री सुविधा का फायदा उठाकर ईरान पहुँचे थे। लेकिन वहाँ पहुँचने के बाद कई लोगों का अपहरण करके फिरौती मांगी गई, जिससे सरकार चिंतित है। ये घटनाएँ लगातार बढ़ रही थीं, इसलिए ईरान सरकार ने यह सुविधा निलंबित कर दी, ताकि अपराधी तत्व इस छूट का दुरुपयोग न कर सकें।
अब स्थिति यह है कि 22 नवंबर 2025 से किसी भी भारतीय नागरिक को, जिसके पास साधारण पासपोर्ट है। ईरान में प्रवेश करने या ट्रांजिट (यानी रास्ते में रुककर आगे किसी और देश जाने) के लिए वीज़ा लेना अनिवार्य होगा।
सरकार ने भारतीयों को आगाह करते हुए कहा है कि किसी भी ऐसे एजेंट से सावधान रहें, जो बिना वीज़ा ईरान भेजने का दावा करे। ईरान के रास्ते दूसरे देशों में भेजने की बात करने वालों पर भरोसा न करें। ऐसे झूठे वादों से कई लोग बड़ी मुसीबत में फँस चुके हैं। विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि भारत सरकार इन मामलों पर करीब से नजर रख रही है और लोगों को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: Today’s Horoscope 18 Nov 2025: जानें किसको होगा धन लाभ तो किसे रहना होगा सावधान!