Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

अश्लील जोक्स मामला : Ranveer Allahbadia और Samay Raina पर प्रियंका चतुर्वेदी भड़कीं, संसद की स्टैंडिंग कमेटी में उठाएंगी मामला

February 11, 2025

अश्लील जोक्स मामला : Ranveer Allahbadia और Samay Raina पर प्रियंका चतुर्वेदी भड़कीं, संसद की स्टैंडिंग कमेटी में उठाएंगी मामला

Obscene jokes case: स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में पेरेंट्स पर अश्लील जोक्स करने पर यूट्यूबर-पॉडकास्टर रणवीर अल्लाहबादिया और शो के आयोजकों की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। इस मामले को लेकर शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे को आईटी और संचार की स्थायी समिति के सामने उठाएंगी।

शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, मैं एक संसद सदस्य के रूप में आईटी और संचार की स्थायी समिति में इंडियाज गॉट लेटेंट नामक शो के मुद्दे को उठाऊंगी, जिसमें अश्लील, ईशनिंदा वाली सामग्री को कॉमेडी के रूप में पेश किया जाता है। हमें सीमाएं तय करने की जरूरत है, क्योंकि ये प्लेटफॉर्म युवा दिमाग को प्रभावित करते हैं और वे पूरी तरह से बकवास सामग्री को कंटेंट के रूप में पेश कर रहे हैं। रणवीर अल्लाहबादिया द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा को कॉमेडी पैनल में अन्य लोगों द्वारा भी प्रोत्साहित किया गया, यह अस्वीकार्य है।

एआईएमआईएम के नेता वारिस पठान ने रणवीर अल्लाहबादिया की टिप्पणी को लेकर उन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, उनका बयान बहुत ही आपत्तिजनक है, वेस्टर्न कल्चर में भी ऐसा नहीं हो रहा है, जो यहां चल रहा है। उन्होंने फ्रीडम ऑफ स्पीच की धज्जियां उड़ाकर रख दीं। रणवीर ने जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल माता-पिता के लिए किया है, यह शर्म की बात है।

उन्होंने आगे कहा, इस मुद्दे पर सरकार क्या कर रही है। पीएम मोदी तो खुद सड़क छाप लोगों को गले लगा रहे हैं। अगर ऐसा होगा तो देश का माहौल खराब होगा। ऐसे (रणवीर) लोगों की पिटाई करनी चाहिए, क्योंकि इन्हें वायरल होने का बहुत ही शौक है। इतना ही नहीं, शो में मौजूद एक महिला भी आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रही है। मुझे लगता है कि इनका बायकॉट करना चाहिए और सरकार को ऐसे शो पर बैन लगाना चाहिए।

स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में पेरेंट्स पर अश्लील जोक्स करने पर यूट्यूबर-पॉडकास्टर रणवीर अल्लाहबादिया, कॉमेडियन समय रैना, अपूर्वा मखीजा के साथ ही शो के आयोजकों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज की गई है। यह शिकायत मुंबई कमिश्नर और महाराष्ट्र महिला आयोग में दर्ज कराई गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें