Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

रामनवमी के अवसर पर मंदिरों में श्रद्धालुओं का लगा तांता, गूंज रहे जय श्रीराम के जयकारे

April 6, 2025

रामनवमी के अवसर पर मंदिरों में श्रद्धालुओं का लगा तांता, गूंज रहे जय श्रीराम के जयकारे

पटना : बिहार की राजधानी पटना सहित राज्य के विभिन्न इलाकों में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव रामनवमी पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। रविवार सुबह से ही मंदिरों में रामनवमी को लेकर श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। मंदिरों में श्रद्धालु लगातार जय श्रीराम का उद्घोष कर रहे हैं।

रामनवमी को लेकर राजधानी पटना की सभी सड़कें महावीरी ध्वजा, बैनर, रामनाम पताका और तोरण द्वार से सजी नजर आ रही हैं। पूरा इलाका रात से ही राममय हो गया है। राज्य के सभी मंदिरों को फूल-मालाओं से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। पटना जंक्शन के पास स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर में रामनवमी को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है।

महावीर मंदिर का पट अहले सुबह दो बजे खोल दिया गया। सुबह से ही मंदिर में भक्तों का तांता लगा हुआ है। महावीर मंदिर में रविवार को चार लाख भक्तों के पहुंचने की संभावना है। इधर, राजवंशीनगर पंचमुखी हनुमान मंदिर, पटना सिटी स्थित जल्ला हनुमान मंदिर में भी भक्तों की कतार लगी है। इन मंदिरों में पूजा करने के लिए पहुंचे लोग रात से ही पंक्तिबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।

मंदिर का पट खुला रखने का निर्णय

मंदिर प्रशासन द्वारा देर रात तक मंदिर का पट खुला रखने का निर्णय लिया गया है। पटना में इस वर्ष रामनवमी के मौके पर शाम को शोभायात्रा निकाली जाएगी। सभी 53 शोभायात्राएं विभिन्न इलाकों से डाकबंगला चौराहे पहुंचेंगी, जहां इनका स्वागत किया जाएगा। इस मौके पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी रहेंगे।

रामनवमी को लेकर सुरक्षा के तगड़े प्रबंध किए गए हैं। राजधानी के सभी मुख्य मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे के जरिए निगरानी की जा रही है तथा जगह-जगह पर अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। पटना के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि रामनवमी के मद्देनजर पुलिस गश्त बढ़ाई गई है।

बिहार में प्रशासन हाई अलर्ट पर है। 50 कंपनी बिहार सशस्त्र बल और 12 कंपनी केंद्रीय बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है। प्रशासन सोशल मीडिया पर भी नजर बनाए हुए है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इधर, राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी रामनवमी को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से शांति से पर्व मनाने की अपील की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें