Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

डॉक्टर को पत्र भेजकर रंगदारी मांगने के मामले में एक व्यक्ति गिरफ्तार

September 29, 2023

डॉक्टर को पत्र भेजकर रंगदारी मांगने के मामले में एक व्यक्ति गिरफ्तार

गोरखपुर : उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक डॉक्टर को पंजीकृत पत्र भेजकर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में शुक्रवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।पुलिस के अनुसार जिले के बड़हलगंज क्षेत्र की एक महिला डॉक्टर को मंगलवार को एक पंजीकृत पत्र मिला, जिसमें 20 लाख रुपये की रंगदारी मांग की गयी थी । डॉक्टर ने तुरंत प्राथमिकी दर्ज कराई और पुलिस ने जांच शुरू की। आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया और पुलिस ने उसके कब्जे से एक स्कूटर भी बरामद किया ।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने संवाददाताओं को बताया कि डॉ. रोली पुरवर को गोरखपुर के वार्ड नंबर सात, गोला बाजार के निवासी खुर्शीद और नदीम से एक पंजीकृत पत्र मिला, जिसमें 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।उन्होंने बताया कि डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और उन्हें तत्काल सुरक्षा मुहैया कराई ।उन्होंने बताया कि जांच के दौरान, डाकघर के सीसीटीवी फुटेज की मदद से, पत्र पंजीकृत करने वाले व्यक्ति की पहचान गोरखपुर जिले के गोला पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र के तहत बेवारी निवासी केशरी के रूप में की गई। पूछताछ के दौरान, केशरी ने पुलिस को बताया कि एक अज्ञत व्यक्ति ने उसे पत्र पोस्ट करने के लिए 22 रुपये दिए थे, साथ ही चाय के लिए 10 रुपये अतिरिक्त दिए थे।

केशरी द्वारा दिए गए विवरण और सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से अज्ञत व्यक्ति की पहचान मऊ जिले के घोसी थाना अंतर्गत करीमुद्दीन निवासी मोहम्मद शाहिद अख्तर के रूप में हुई। शाहिद ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे तारिक की शादी 2014 में हुई थी। हालांकि, कुछ समय बाद, उनकी बहू ने दहेज उत्पीड़न के लिए पूरे परिवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की, जिसके बाद अदालत ने तलाक का आदेश दिया। इसके बाद, उनके बेटे ने शबनम नाम की एक अन्य महिला से शादी कर ली। हालांकि, शबनम की चाची शब्बो और भतीजे खुर्शीद और नदीम उसे उकसाते रहे और वह पिछले डेढ़ महीने से अपने पिता के घर पर रह रही है।

पुलिस के मुताबिक शाहिद ने खुलासा किया कि उसने नदीम और खुर्शीद को फंसाने के इरादे से उनके नाम से रंगदारी पत्र लिखा था। उन्होंने एक बिजली के खंभे पर लगे विज्ञपन में डॉ. रोली का नाम और नंबर खोजा। पुलिस ने कहा कि इसके अलावा, उसने एक बुजुर्ग व्यक्ति को पत्र भेजने के लिए 22 रुपये देने और चाय के लिए अतिरिक्त 10 रुपये देने की बात स्वीकार की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें