Last Updated: September 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

Operation Sindhu : इजरायल से 161 यात्रियों को लेकर नई दिल्ली पहुंची पहली फ्लाइट, यात्रियों ने जताया आभार

June 24, 2025

Operation Sindhu : इजरायल से 161 यात्रियों को लेकर नई दिल्ली पहुंची पहली फ्लाइट, यात्रियों ने जताया आभार

Operation Sindhu : ईरान और इजराइल के बीच संघर्ष बढ़ने के बाद वहां फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने का काम जारी है। ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत मंगलवार को इजराइल से 161 भारतीय नागरिकों का पहला जत्था वापस लाया गया। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरिटा ने दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्रियों का स्वागत किया। इस दौरान भारत लौटे नागरिकों ने केंद्र सरकार का आभार जताया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कुछ तस्वीरें शेयर कीं। उन्होंने लिखा, ‘ऑपरेशन सिंधु का इजराइल चरण 23 जून को शुरू हुआ, जिसमें 161 भारतीय नागरिकों का पहला जत्था इजराइल से वापस लाया गया। वे आज सुबह 8:20 बजे जॉर्डन के अम्मान से नई दिल्ली सुरक्षित पहुंचे। विदेश राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरिटा ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। विदेश में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।’

केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरिटा ने कहा, “इजराइल से निकाले गए 161 भारतीय नागरिकों के पहले जत्थे का स्वागत करते हुए मुझे बेहद खुशी हो रही है। यह समूह कुछ देर पहले ही नई दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित पहुंचा है।”

भारत सरकार ने हमें सुरक्षित निकाला-
इजराइल से निकाले गए एक भारतीय नागरिक ने कहा, “इजराइल में हालात बहुत खराब हैं, लेकिन इसके बावजूद भारत सरकार ने हमें सुरक्षित निकाल लिया है। मैं भारत सरकार का शुक्रिया अदा करता हूं।”

इजराइल में फंसे भारतीयों की वापसी-
एक अन्य यात्री ने कहा, “दरअसल, जब हम वहां से निकले थे, तब अमेरिका के सीधे हमले के बाद हालात और खराब हो चुके थे। मैं खुद यरुशलम में था और ईरान के हमले में इजराइल के कई शहरों को काफी नुकसान हुआ है।” ऑपरेशन सिंधु के तहत बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक ईरान से सुरक्षित भारत लौट चुके हैं। इसके साथ ही इजराइल में फंसे भारतीयों की वापसी भी शुरू हो गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें