Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

Parliament Monsoon Session: लोकसभा में आयकर विधेयक 2025 पेश, खेल विधेयकों को मिली हरी झंडी

August 11, 2025

Parliament Monsoon Session: लोकसभा में आयकर विधेयक 2025 पेश, खेल विधेयकों को मिली हरी झंडी

नई दिल्ली:  संसद के मानसून सत्र की शुरुआत एक बार फिर राजनीतिक गर्मी के साथ हुई। जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, विपक्षी दलों ने एसआईआर (SIR) को लेकर जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। विपक्षी गठबंधन INDI ब्लॉक के सांसदों ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए संसद से चुनाव आयोग तक पैदल मार्च की घोषणा की, वहीं सत्ता पक्ष और उसके सहयोगी दलों ने इस विरोध को ‘राजनीतिक नौटंकी’ करार दिया।

लोकसभा में आयकर विधेयक 2025 पेश

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में आयकर (संख्या 2) विधेयक, 2025 और कराधान कानून (संशोधन) विधेयक, 2025 पेश किया।

संसद की कार्यवाही शुरू

संसद की कार्यवाही शुरू हो गई है।केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “कांग्रेस पार्टी और विपक्ष ने बहुत समय बर्बाद किया है। अब हम देश और संसद का समय और बर्बाद नहीं होने देंगे। सरकार महत्वपूर्ण विधेयक पारित करना चाहती है। आज हम लोकसभा और राज्यसभा दोनों में महत्वपूर्ण विधेयक पारित करेंगे। एक व्यक्ति की मूर्खता और एक परिवार की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता। कई विपक्षी सांसदों ने भी आकर कहा कि वे असहाय हैं। उनके नेता उन्हें जबरदस्ती हंगामा करने के लिए कहते हैं… हर दिन, हम देश और संसद का समय एक मुद्दे पर बर्बाद नहीं होने देंगे इसलिए हम महत्वपूर्ण विधेयक पारित करेंगे।”


राजनीतिक नहीं… यह संविधान को बचाने की लड़ाई है

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, “वो बात नहीं कर सकते हैं, हकीकत यह है। सच्चाई देश के सामने है और यह लड़ाई राजनीतिक नहीं है, यह संविधान को बचाने की लड़ाई है, यह एक व्यक्ति, एक वोट की लड़ाई है। हमें एक साफ-सुथरी मतदाता सूची चाहिए।”

30 सांसदों की थी अनुमति

ई दिल्ली DCP देवेश कुमार महला ने कहा, “चुनाव आयोग की ओर से लगभग 30 सांसदों की अनुमति थी लेकिन उनकी (विपक्षी नेताओं) तादाद काफी ज्यादा थी इसलिए उन्हें हिरासत में लिया गया है…”

पुलिस से भिड़े विपक्षी सांसद

“वोट चोरी” मुद्दे पर संसद के मकर द्वार से भारत के चुनाव आयोग कार्यालय तक विपक्षी सांसदों के विरोध मार्च के दौरान, लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल को पुलिस अधिकारियों से बात करते देखा गया।


विपक्षी सांसदों का विरोध मार्च

इंडिया ब्लॉक के नेता संसद भवन के मकर द्वार पर एकत्रित हुए। इंडिया ब्लॉक के नेता चुनावी राज्य बिहार में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान “मतदाता धोखाधड़ी” के आरोपों के विरोध में संसद भवन से भारत निर्वाचन आयोग तक मार्च निकालने वाले हैं।

दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित

विपक्ष के SIR मुद्दे पर जोरदार हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित की गई।

एसआईआर पर तीखी टकराहट

जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ सांसद संजय कुमार झा ने विपक्ष के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा, “एसआईआर बिहार में लागू है और वहां की जनता इससे पूरी तरह संतुष्ट है। विपक्ष को बेवजह संसद में शोर मचाने की आदत हो गई है। जब बिहार में कोई समस्या नहीं है, तो यहां इतना हल्ला क्यों?”

उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव आयोग ने इस प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से लागू किया है और इस पर कोई संदेह नहीं होना चाहिए।

लोकतंत्र पर संकट: विपक्ष का आरोप

दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा, “आज देश में लोकतंत्र खतरे में है। सरकार संविधान और संस्थाओं को कमजोर करने की साजिश कर रही है। इसी के खिलाफ INDI ब्लॉक के सांसद आज पैदल मार्च निकालेंगे।”

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौरव गोगोई ने भी चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा, “हमने चुनाव आयोग से कई बार जवाब मांगा है, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। अब समय है कि आयोग स्पष्ट रूप से सामने आए और अपनी प्रक्रिया पर जवाबदेही तय करे।”

मार्च vs ‘डांडी मार्च’

कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने इस मार्च की तुलना ऐतिहासिक डांडी मार्च से करते हुए कहा, “राहुल गांधी गांधीजी के रास्ते पर चल रहे हैं। जिस तरह गांधी जी ने नमक कानून तोड़कर ब्रिटिश हुकूमत को चुनौती दी थी, वैसे ही हम भी लोकतंत्र की रक्षा के लिए ये मार्च कर रहे हैं।” उन्होंने चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि वह सत्ता के दबाव में काम कर रहा है और विपक्ष की बात सुनने को तैयार नहीं है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें