Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

Pizza-Burger और चाऊमीन खाने की लत बनी… होनहार छात्रा अहाना की आंतें हुई खराब, दिल्ली एम्स में मौत

December 23, 2025

Pizza-Burger और चाऊमीन खाने की लत बनी… होनहार छात्रा अहाना की आंतें हुई खराब, दिल्ली एम्स में मौत

नेशनल डेस्क। फास्ट फूड खाने का शौक अमरोहा की 11वीं कक्षा की छात्रा अहाना (16 वर्ष) की जान पर भारी पड़ गया। चाऊमीन, मैगी, पिज्जा और बर्गर जैसे जंक फूड के लगातार सेवन से उसकी आंतें बुरी तरह खराब हो गईं और उनमें छेद हो गए। इलाज और ऑपरेशन के बावजूद अहाना को बचाया नहीं जा सका। दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान रविवार रात अहाना की हार्ट फेल होने से मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

 

अहाना का परिवार और पढ़ाई
अहाना अमरोहा नगर के मोहल्ला अफगानान निवासी किसान मंसूर खान की बेटी थी। परिवार में माता सारा खान, एक बेटा और दो बेटियां हैं। अहाना सबसे छोटी बेटी थी और शहर के हाशमी गर्ल्स इंटर कॉलेज में 11वीं कक्षा की छात्रा थी। वह पढ़ाई में होनहार थी।

 

फास्ट फूड खाने की आदत
परिजनों के अनुसार, अहाना को फास्ट फूड खाने का बहुत शौक था। घर में मना करने के बावजूद वह अक्सर बाहर का चाऊमीन, मैगी, पिज्जा और बर्गर खाती रहती थी। शुरुआत में किसी को अंदाजा नहीं था कि यह आदत इतनी खतरनाक साबित होगी।

 

सितंबर में बिगड़ी तबीयत
सितंबर महीने में अहाना को अचानक पेट दर्द की शिकायत होने लगी। दर्द धीरे-धीरे बढ़ता गया। 30 नवंबर को हालत ज्यादा खराब होने पर उसे मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

 

आंतों में छेद, डॉक्टर भी हुए हैरान
अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि अहाना की आंतें आपस में चिपक गई हैं और उनमें छेद हो गए हैं। डॉक्टरों ने इसकी मुख्य वजह लंबे समय तक फास्ट फूड का सेवन बताया।

 

ऑपरेशन के बाद भी नहीं मिली राहत
30 नवंबर की रात डॉक्टरों ने अहाना का ऑपरेशन किया, जो सफल बताया गया। करीब 10 दिन बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, लेकिन वह लगातार कमजोर होती चली गई।

 

दोबारा बिगड़ी हालत, एम्स में भर्ती
चार दिन पहले अहाना की तबीयत फिर से बिगड़ गई। इसके बाद परिवार उसे दिल्ली एम्स लेकर गया। वहां कुछ दिन तक उसकी हालत में सुधार दिखा और वह चलने-फिरने भी लगी।

 

हार्ट फेल होने से मौत
रविवार रात अचानक अहाना की तबीयत बहुत ज्यादा खराब हो गई। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद हार्ट फेल होने से उसकी मौत हो गई।

 

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
अहाना के मामा गुलजार खान उर्फ गुड्डू ने बताया कि डॉक्टरों ने साफ कहा है कि फास्ट फूड खाने से आंतें खराब हुईं। घर की होनहार बेटी के यूं चले जाने से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

जंक फूड खाने से होने वाले नुकसान

  • जंक फूड में ज्यादा कैलोरी होती है, जिससे मोटापा बढ़ता है

  • ज्यादा फैट और कोलेस्ट्रॉल से दिल की नसें ब्लॉक हो सकती हैं

  • ज्यादा मीठा और तला-भुना खाने से डायबिटीज का खतरा

  • फाइबर न होने से कब्ज, गैस और एसिडिटी

  • तनाव, चिंता और डिप्रेशन बढ़ सकता है

  • त्वचा पर पिंपल्स और एक्ने

  • शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है

 

इन बीमारियों का खतरा बढ़ता है

  • फैटी लिवर

  • मोटापा

  • डायबिटीज

  • दिल की बीमारी

  • हाई ब्लड प्रेशर

  • कैंसर तक का खतरा

 

इन चीजों से बनाएं दूरी

  • समोसा, कचौरी, पकौड़े

  • पिज्जा, बर्गर, मोमोज, चाऊमीन

  • केक, पेस्ट्री, चॉकलेट

  • चिप्स, नमकीन

  • कोल्ड ड्रिंक और एनर्जी ड्रिंक्स

स्वस्थ रहने के लिए क्या खाएं

  • दाल, रोटी, सब्जी, चावल

  • घर का बना खाना

  • सलाद को रोज़ की डाइट में शामिल करें

  • बाहर के स्ट्रीट फूड से बचें

ये भी पढ़ेंः BJP पार्षद की विदेशी फुटबॉल कोच को धमकी, कहा- हिंदी सीखो नहीं तो…

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें