Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Pm Modi Visit in Assam: नेशनल हाइवे पर विमान से उतरे PM मोदी, कई परियोजनाओं का किया शिलान्यास

February 14, 2026

Pm Modi Visit in Assam: नेशनल हाइवे पर विमान से उतरे PM मोदी, कई परियोजनाओं का किया शिलान्यास

Pm Modi Visit in Assam: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज असम के दौरे पर पहुंचे और राज्य को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात दी। डिब्रूगढ़ जिले के मोरान क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनी उत्तर-पूर्व भारत की पहली आपातकालीन हवाई पट्टी (Emergency Landing Facility) का उद्घाटन उन्होंने किया। खास बात यह रही कि पीएम मोदी खुद भारतीय वायुसेना के विशेष परिवहन विमान C-130 हरक्यूलस से सीधे हाईवे पर उतरे।

 

नॉर्थईस्ट की पहली हाईवे हवाई पट्टी का उद्घाटन
डिब्रूगढ़-मोरान खंड पर राष्ट्रीय राजमार्ग 127 के 4.2 किलोमीटर लंबे हिस्से को मजबूत कंक्रीट से तैयार कर दोहरे उपयोग वाली हवाई पट्टी के रूप में विकसित किया गया है। यह पट्टी आपात स्थिति या युद्ध जैसी परिस्थितियों में लड़ाकू विमान, परिवहन विमान और हेलीकॉप्टर के संचालन के लिए बनाई गई है। यह पूर्वोत्तर भारत में इस तरह की पहली सुविधा है।

 

भारतीय वायुसेना का हवाई प्रदर्शन
उद्घाटन के दौरान भारतीय वायुसेना के कई विमानों ने इसी हाईवे से उड़ान भरी और आसमान में हवाई प्रदर्शन किया। इसमें लड़ाकू विमान, परिवहन विमान और हेलीकॉप्टर शामिल थे।यह क्षेत्र चीन सीमा के नजदीक होने के कारण रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

 

असम सरकार ने बताया रणनीतिक रूप से अहम
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि मोरान की यह आपातकालीन लैंडिंग सुविधा देश की रक्षा तैयारियों को मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर भारतीय वायुसेना के विमान यहां से ऑपरेशन कर सकेंगे और असम इस राष्ट्रीय सुरक्षा ढांचे में अहम भूमिका निभाएगा।

 

5,450 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शुभारंभ
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने असम में 5,450 करोड़ रुपये से ज्यादा की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इससे राज्य में कनेक्टिविटी, बुनियादी ढांचा और शहरी सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा।

 

गुवाहाटी में भी कई कार्यक्रम
मोरान कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी गुवाहाटी पहुंचे। यहां उन्होंने ब्रह्मपुत्र नदी पर बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने अमीनगांव में उत्तर-पूर्व क्षेत्र के लिए राष्ट्रीय डेटा केंद्र का उद्घाटन किया और आईआईएम गुवाहाटी का भी उद्घाटन किया।

 

225 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री ने पीएम-ईबस सेवा योजना के तहत 225 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे असम और पूर्वोत्तर के शहरों में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाने में मदद मिलेगी।

 

दौरे के बाद दिल्ली वापसी
असम के कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली लौट गए। उनका यह दौरा विकास और सुरक्षा—दोनों दृष्टियों से पूर्वोत्तर भारत के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें