अंबाला। हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली क्षेत्र में एक बार फिर मौसम शुष्क और साफ हो गया है। पूरे इलाके में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जबकि रात्रि तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है।
शुष्क मौसम से किसानों को राहत
दिन और रात दोनों के तापमान अभी सामान्य से नीचे बने हुए हैं, जिससे आमजन को सुहावने मौसम का अनुभव हो रहा है। वहीं, शुष्क मौसम के कारण किसानों ने भी राहत की सांस ली है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ अब हरियाणा-एनसीआर-दिल्ली क्षेत्र से आगे बढ़ चुका है। गुरुवार सुबह यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, करनाल और कुरुक्षेत्र में हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई। Pleasant weather in Haryana-NCR
कहीं-कहीं छाए हल्के बादल
इसके बाद क्षेत्र में मौसम मुख्यतः शुष्क बना हुआ है और कहीं-कहीं हल्के बादल देखे जा रहे हैं। हवाओं की दिशा में बदलाव के कारण रात के समय उत्तरी हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट आई है और सुबह हल्की गुलाबी ठंड का अहसास हो रहा है। वहीं दिन में उत्तर-पश्चिमी हवाओं और साफ मौसम के चलते धूप तेज हो रही है, जिससे दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो रही है। तापमान की बात करें तो चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस और पानीपत में 13.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो क्षेत्र की सबसे ठंडी रातें रहीं। वहीं गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे अधिक रहा।
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3-4 दिनों तक रात के तापमान में गिरावट जारी रहेगी, जबकि दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। फिलहाल तापमान सामान्य से नीचे ही बना रहेगा। 11 अप्रैल को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से सिरसा, फतेहाबाद, पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। शेष क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा। 15 अप्रैल के बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होने के संकेत हैं, जिससे गर्मी का असर बढ़ सकता है।
महेंद्रगढ़ और हिसार का हाल
महेंद्रगढ़ और हिसार जिलों में मौसम शुष्क लेकिन गतिशील बना हुआ है। आंशिक बादल छाए रहने का कारण विपरीत दिशाओं से चलने वाली हवाएं हैं। महेंद्रगढ़ जिले में नारनौल का तापमान 29.5/15.0 डिग्री सेल्सियस और महेंद्रगढ़ का 30.4/14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां दिन का तापमान सामान्य से 7.5 डिग्री और रात का तापमान 3.1 डिग्री नीचे रहा। वहीं हिसार में दिन का तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो क्रमशः सामान्य से 4.2 और 4.1 डिग्री कम है। Pleasant weather in Haryana-NCR
Also Read : खुशियों, मेहनत और आस्था का पर्व है बैसाखी
Also Read : इनेलो का हल्ला बोल, 12 को कैथल मंडी में ट्रैक्टर मार्च
Also Read : ट्रक ने कार को मारी टक्कर, दो बहनों की माैत

