नई दिल्ली: भारत के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनकी कार्यशैली, रणनीतिक सोच और जनसेवा के प्रति समर्पण की प्रशंसा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में लिखा,
“गृह मंत्री श्री अमित शाह जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनका जनसेवा के प्रति समर्पण और कठोर परिश्रम उन्हें एक प्रभावशाली नेता बनाता है। उन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके प्रयासों से हर भारतीय को सुरक्षित और गरिमापूर्ण जीवन जीने का अवसर मिला है। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।”
Birthday greetings to Home Minister Shri Amit Shah Ji. He is widely admired for his dedication to public service and hardworking nature. He has made commendable efforts to strengthen India’s internal security apparatus and ensure every Indian leads a life of safety and dignity.…
— Narendra Modi (@narendramodi) October 22, 2025
एक रणनीतिकार जिसने बदल दी राजनीति की दिशा
अमित शाह का जन्म 22 अक्टूबर 1964 को मुंबई में एक गुजराती परिवार में हुआ था। उनके पिता अनिलचंद्र शाह और माता कुसुमबेन शाह मूलतः गुजरात के मानसा कस्बे से ताल्लुक रखते थे। उनका पारिवारिक इतिहास व्यापार से जुड़ा रहा है, और उनके दादा मानसा रियासत के नगर सेठ माने जाते थे।
राजनीति में शाह की यात्रा बेहद दिलचस्प रही है। उन्होंने छात्र राजनीति से शुरुआत करते हुए भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। वह गुजरात सरकार में गृह मंत्री, फिर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और उसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर पार्टी के विस्तार में निर्णायक भूमिका निभा चुके हैं।
2014 में जब नरेंद्र मोदी को भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया, तब अमित शाह को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उस समय उनकी रणनीति ने भाजपा को जबरदस्त सफलता दिलाई। पार्टी ने राज्य की 80 में से 73 सीटें जीत लीं, जो कि एक रिकॉर्ड बन गया और शाह की रणनीतिक क्षमता का परिचायक भी।
ये भी पढ़ें: सोने की कीमतों में भारी बदलाव, आखिर क्यों बढ़ रही गोल्ड लोन की डिमांड, पढ़ें…
आंतरिक सुरक्षा में अहम भूमिका
केंद्रीय गृह मंत्री के रूप में अमित शाह ने राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी रणनीतियों और कानून व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का ऐतिहासिक फैसला उनके कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिना जाता है। इसके अलावा, उन्होंने सीएए (नागरिकता संशोधन कानून) जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर भी संसद में मुखरता से पक्ष रखा।
ये भी पढ़ें : ‘इस राज्य में तीसरे बच्चे पर मिलेंगे 25,000 रुपए’, सीएम ने किया ऐलान

