नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को यहां समाज सुधारक आचार्य विद्यानंद महाराज के शताब्दी समारोह का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने गुरूवार को बताया कि पीएम मोदी इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे। यह कार्यक्रम सरकार द्वारा भगवान महावीर अहिंसा भारती ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित एक वर्ष तक चलने वाले राष्ट्रीय श्रद्धांजलि समारोह की औपचारिक शुरुआत होगी। इसका उद्देशय़ जैन धर्म के जाने माने आध्यात्मिक नेता और समाज सुधारक आचार्य विद्यानंद महाराज की 100वीं जयंती को मनाना है।
वर्ष भर चलने वाले इस समारोह में देश भर में सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम होंगे जिनका उद्देशय़ आचार्य के जीवन तथा विरासत को मनाना और उनके संदेश का प्रसार करना है।
आचार्य विद्यानंद महाराज ने जैन दर्शन और नैतिकता पर 50 से अधिक रचनाएँ लिखीं। उन्होंने देश भर में प्राचीन जैन मंदिरों के जीर्णोद्धार तथा पुनरुद्धार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और शिक्षा, विशेष रूप से प्राकृत, जैन दर्शन तथा शास्त्रीय भाषाओं को बढावा देने के लिए काम किया।

