Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रव्यापी HPV टीकाकरण अभियान की शुरुआत की

March 1, 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रव्यापी HPV टीकाकरण अभियान की शुरुआत की

जयपुर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘सर्विकल कैंसर’ के विरुद्ध राष्ट्रीय ‘मून पैपिलोमावायरस’ (एचपीवी) टीकाकरण अभियान की शुरुआत शनिवार को राजस्थान के अजमेर से की। उन्होंने इस अभियान को देश की नारीशक्ति को सशक्त करने की दिशा में अहम कदम करार दिया। इसके साथ ही मोदी ने राजस्थान के लिए 16,686 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले कार्यों एवं परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। आधिकारिक बयान के अनुसार प्रधानमंत्री ने कायड़ विश्रमस्थली में बने टीकाकरण स्थल से राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की।

उन्होंने 9 से 14 वर्ष की पांच बालिकाओं को एचपीवी टीका लगाए जाने के बाद उनसे संवाद भी किया। मोदी ने कहा कि आज वीरांगनाओं की इस धरती से मुझे देशभर की बेटियों के लिए एक अहम अभियान शुरू करने का अवसर मिला है। अजमेर से एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू हुआ है। ये अभियान देश की नारीशक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम है।

आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री ने राजस्थान की जिन परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया उसमें लगभग 8,554 करोड़ रुपए की 34 परियोजनाएं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों से तथा करीब 8,132 करोड़ रुपए की 9 प्रमुख परियोजनाएं केन्द्र सरकार के राष्ट्रीय राजमार्ग और ऊर्जा विभाग से जुड़ी हैं। इस अवसर पर राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित 21,863 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करने के तहत प्रधानमंत्री मोदी ने खुद दो युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ केंद्र व राज्य सरकार के कई मंत्री मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें