
नेशनल डेस्क. पीएम नरेंद्र मोदी आज यानी 8 अक्टूबर से दो दिन के मुंबई दौरे पर हैं। यह दौरा महाराष्ट्र के विकास, बुनियादी ढांचे और तकनीकी नवाचार के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। पीएम मोदी बुधवार दोपहर 3:30 बजे नवी मुंबई पहुंचेंगे। यहां उनका स्वागत राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापू राममोहन नायडू, केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा।
नवी मुंबई पहुंचने के बाद पीएम मोदी नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (NMIA) के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। यह हवाई अड्डा मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए एक बड़ा ट्रांसपोर्ट हब साबित होगा और यहां से घरेलू व अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होंगी।
मुंबई मेट्रो लाइन-3 राष्ट्र को समर्पित
एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मुंबई मेट्रो लाइन-3 के चरण 2-बी का उद्घाटन करेंगे। यह मेट्रो लाइन आचार्य अत्रे चौक से कफ परेड तक फैली हुई है। इस परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 12,200 करोड़ रुपये है। इसके साथ ही पीएम मोदी 37,270 करोड़ रुपये की लागत से बनी पूरी मेट्रो लाइन-3 (एक्वा लाइन) को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस मेट्रो के शुरू होने से मुंबई वासियों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी और शहर के विभिन्न इलाकों के बीच सफर का समय भी काफी कम होगा।
मुंबई वन ऐप भी करेंगे लॉन्च
प्रधानमंत्री इस दौरान ‘मुंबई वन’ नामक देश के पहले एकीकृत कॉमन मोबिलिटी ऐप की भी शुरुआत करेंगे। इस ऐप के जरिए यात्रियों को बस, मेट्रो, लोकल ट्रेन और टैक्सी जैसी सेवाओं की जानकारी और टिकट एक ही प्लेटफॉर्म पर मिल सकेगी।
जनसभा को संबोधित करेंगे
नवी मुंबई में उद्घाटन कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री मोदी एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जहां वे राज्य के विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देंगे।
दूसरे दिन ब्रिटिश प्रधानमंत्री से मुलाकात
दूसरे दिन यानी 9 अक्टूबर को पीएम मोदी ब्रिटेन के प्रधानमंत्री सर कीर स्टार्मर की मेजबानी करेंगे। दोनों नेता बांद्रा पूर्व स्थित जियो वर्ल्ड सेंटर में आयोजित ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के छठे संस्करण में शामिल होंगे। दोनों प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में वैश्विक वित्तीय तकनीक (फिनटेक) के क्षेत्र में भारत-ब्रिटेन सहयोग को लेकर अपने विचार साझा करेंगे और सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...