Site icon Dainik Savera Times

अमेरिका में हुई गोलीबारी की घटना पर आया PM Modi का ब्यान, कहा- लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं

PM Modi

PM Modi

PM Modi: व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान गोलीबारी की घटना पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिक्रिया सामने आई है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है और इसकी एक स्वर में निंदा की जानी चाहिए।

पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “वाशिंगटन डीसी के एक होटल में हुई हालिया सुरक्षा घटना के बाद यह जानकर राहत मिली कि राष्ट्रपति ट्रंप, फर्स्ट लेडी और उपराष्ट्रपति सुरक्षित हैं और उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ है। मैं उनकी निरंतर सुरक्षा और कुशलता के लिए अपनी शुभकामनाएं देता हूं। लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं होती और इसकी सख्त निंदा होनी चाहिए।”

वेनेजुएला की राष्ट्रपति ने की निंदा
वहीं वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने कहा कि हम राष्ट्रपति ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया के खिलाफ हुई इस हमले की कोशिश की निंदा करते हैं। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप, उनकी पत्नी और कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में मौजूद सभी लोगों के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने कहा कि जो लोग शांति में विश्वास करते हैं, उनके लिए हिंसा कभी भी कोई विकल्प नहीं हो सकती।

व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान गोलीबारी
अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान गोलीबारी की घटना सामने आई। यह कार्यक्रम वॉशिंगटन हिल्टन होटल में आयोजित किया गया था, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

पकड़ा गया संदिग्ध
जैसे ही गोली चलने की आवाज सुनाई दी, सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और राष्ट्रपति ट्रंप समेत सभी शीर्ष अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि हमलावर के पास हथियार मौजूद थे और वह अकेले ही इस घटना को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था। मामले की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें: UK Board Result 2026: जारी हुआ 10वीं और 12वीं के नतीजे, लाखों छात्रों का इंतजार खत्म, जानें कैसे चैक करें रिजल्ट

 

Exit mobile version