Site icon Dainik Savera Times

पश्चिम बंगाल चुनाव: BJP ने तेज किया चुनाव प्रचार, PM मोदी आज करेंगे तीन बड़ी रैलियां

West Bengal Elections

West Bengal Elections

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर चुनावी माहौल तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अपना प्रचार अभियान और तेज कर दिया है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राज्य में तीन बड़ी चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।

कहां-कहां होंगी रैलियां

प्रधानमंत्री मोदी की पहली रैली सुबह 9:30 बजे हल्दिया में होगी। इसके बाद वे दोपहर 12 बजे आसनसोल के पोलो ग्राउंड स्थित आउटडोर स्टेडियम में लोगों को संबोधित करेंगे। दिन की तीसरी और आखिरी रैली दोपहर 2 बजे सूरी के चांदमारी मैदान में आयोजित होगी।

 

दूसरा दौरा

चुनाव की घोषणा के बाद यह प्रधानमंत्री मोदी का राज्य का दूसरा दौरा है। इससे पहले 5 अप्रैल को उन्होंने कूचबिहार से अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत की थी। उस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था के मुद्दे को उठाते हुए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर निशाना साधा था और ‘भय बनाम भरोसा’ का नारा दिया था।

क्यों अहम मानी जा रही हैं ये रैलियां

राजनीतिक नजरिए से आज की ये रैलियां काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। हल्दिया को भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी का मजबूत क्षेत्र माना जाता है, जहां पार्टी अपनी पकड़ बनाए रखना चाहती है। वहीं औद्योगिक शहर आसनसोल में भाजपा अपनी स्थिति को और मजबूत करने की कोशिश में है। इसके अलावा बीरभूम जिले का सूरी इलाका तृणमूल कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। यहां भाजपा संगठन को मजबूत करने और सत्ता विरोधी माहौल का फायदा उठाने की रणनीति बना रही है।

कब होंगे मतदान और नतीजे

पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में कराया जाएगा। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

 

 

Exit mobile version