नेशनल डेस्क। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण (PMAY-G) के तहत पक्का मकान बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। राजस्थान में इस योजना के लाभार्थियों के खातों में पैसा भेजने की तारीख तय हो गई है। जिन लोगों ने पीएम आवास योजना ग्रामीण के लिए आवेदन किया है, उनके खाते में जल्द ही किस्त की राशि आने वाली है।
23 दिसंबर को खातों में आएगा पीएम आवास का पैसा
सरकारी अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार 23 दिसंबर को पीएम आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों के खातों में पैसा भेजा जाएगा। इस दिन राजस्थान के नागौर जिले के मेड़ता में किसान सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पीएम आवास योजना ग्रामीण के 18,500 लाभार्थियों के बैंक खातों में 100 करोड़ रुपये की राशि DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए भेजेंगे।
मेड़ता में दोपहर 1 बजे होगा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री कार्यालय के कार्यक्रम के अनुसार, यह कार्यक्रम मंगलवार 23 दिसंबर को दोपहर 1 बजे शुरू होगा। मुख्यमंत्री रिमोट का बटन दबाकर लाभार्थियों के खातों में पीएम आवास योजना की किस्त जारी करेंगे।
राजस्थान में पीएम आवास योजना की मौजूदा स्थिति
राजस्थान में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत बड़े स्तर पर काम चल रहा है।
-कुल लक्ष्य: 24,97,121 आवास
-अब तक रजिस्ट्रेशन: 24,35,942
-स्वीकृत आवास: 24,33,490
-11 दिसंबर तक बने आवास: 18,07,863
-इससे साफ है कि राज्य में लाखों परिवारों को पक्का घर मिल चुका है और कई और को जल्द मिलेगा।
कैसे चेक करें कि आपके खाते में पैसा आएगा या नहीं
अगर आप जानना चाहते हैं कि 23 दिसंबर को आपके खाते में पैसा आएगा या नहीं, तो आप आसानी से अपना नाम लिस्ट में चेक कर सकते हैं।
नाम चेक करने की पूरी प्रक्रिया
-पीएम आवास योजना ग्रामीण की आधिकारिक वेबसाइट pmayg.dord.gov.in पर जाएं
-होमपेज पर Stakeholders टैब पर क्लिक करें
-इसके बाद IAY/PMAYG Beneficiary विकल्प चुनें
-आवेदन के समय मिला रजिस्ट्रेशन नंबर डालें
-कैप्चा कोड भरें और Submit बटन पर क्लिक करें
-इसके बाद आपके आवेदन की पूरी स्थिति स्क्रीन पर दिख जाएगी।
किन लाभार्थियों को मिलेगी प्राथमिकता
पीएम आवास योजना ग्रामीण के तहत लाभार्थियों का चयन तय मापदंडों के आधार पर किया जाता है।
-अनुसूचित जाति (SC)
-अनुसूचित जनजाति (ST)
-महिलाओं को प्राथमिकता
-सरकार के निर्देशों के अनुसार 60% आवास SC/ST वर्ग के लिए आरक्षित हैं। इसी आधार पर प्राथमिकता सूची तैयार की जाती है।
पैसा न आए तो घबराने की जरूरत नहीं
अगर 23 दिसंबर को आपके खाते में पैसा नहीं आता है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। संभव है कि आपका नाम वेटिंग लिस्ट में हो। अगली किस्त जारी होने पर आपके खाते में भी राशि भेजी जा सकती है। सरकार चरणबद्ध तरीके से सभी पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दे रही है।
ये भी पढ़ेंः इमरान खान और बुशरा बीबी को 17-17 साल की सजा, इस मामले में अदालत ने सुनाया फैसला

