Site icon Dainik Savera Times

खेसारी लाल पर भड़के पावर स्टार पवन सिंह, कह दी ये बड़ी बात

बिहार डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भोजपुरी सिनेमा के दो बड़े स्टार पवन सिंह और खेसारी लाल यादव के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। दोनों कलाकार अब राजनीति में भी सक्रिय हैं, और इसी वजह से उनकी जुबानी जंग चुनावी माहौल में चर्चा का विषय बनी हुई है। हाल ही में RJD नेता खेसारी लाल यादव ने पवन सिंह पर तंज कसते हुए कहा था “वह मेरे बड़े भाई हैं, उन्होंने हाल ही में कहा था कि ‘मैं एक पानी पे नहीं रहता’। लेकिन मैं उनसे कहना चाहता हूं कि ‘मैं कम से कम एक बीवी के साथ तो रहता हूं।’” खेसारी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर यह टिप्पणी काफी वायरल हो गई और पवन सिंह के समर्थकों ने इसे लेकर नाराजगी जताई।

पवन सिंह ने किया पलटवार
खेसारी लाल की टिप्पणी पर अब पवन सिंह ने भी करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा “मैं उनकी असलियत जानता हूं। क्या मुझे यह बताना चाहिए कि उन्होंने स्टार बनाने के नाम पर कितने लोगों की जिंदगी बर्बाद कर दी है? मैं इस पर अभी कुछ नहीं कहूंगा, सही समय पर सब बताऊंगा।” पवन सिंह का यह बयान खेसारी पर सीधा नहीं, लेकिन एक अप्रत्यक्ष हमला माना जा रहा है, जो चुनावी माहौल में खेसारी की छवि को नुकसान पहुंचा सकता है।

चुनावी मैदान में दोनों आमने-सामने
इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में दोनों ही कलाकार अलग-अलग दलों से जुड़े हैं। खेसारी लाल यादव आरजेडी (RJD) से छपरा सीट से उम्मीदवार हैं। वहीं पवन सिंह एनडीए (NDA) की तरफ से चुनाव प्रचार में सक्रिय हैं। राजनीतिक मोर्चे पर दोनों की मौजूदगी से मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।

6 तारीख को होगी वोटिंग
बिहार में विधानसभा चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। पहला चरण – 6 नवंबर को, दूसरा चरण – 11 नवंबर। वहीं, नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। इस समय सभी राजनीतिक दल अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए जोरदार प्रचार कर रहे हैं। भोजपुरी सितारों की यह जुबानी जंग भी अब चुनावी माहौल का गर्म मुद्दा बन चुकी है।

ये भी पढ़ेंः अमेरिका में अंग्रेजी में फेल हो गए 7000 ट्रक ड्राइवर, इतने लाख भारतीयों पर लटकी तलवार

Exit mobile version