भुवनेश्वर/जाजपुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुमरू पिंडदान अनुष्ठान करने के लिए मंगलवार सुबह ओडिशा के जाजपुर जिले में बिरजा मंदिर पहुंचीं। अधिकारियों ने बताया कि मंदिर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए और राष्ट्रपति के दौरे के लिए लगभग 600 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए। मुमरू ने अपने पूर्वजों की आत्माओं की शांति के लिए मंदिर परिसर में स्थित पवित्र तालाब नवी गया में पिंडदान किया।
पौराणिक कथाओं के अनुसार, राक्षस गयासुर का भगवान विष्णु द्वारा वध किए जाने के बाद उसका शरीर तीन भागों में विभाजित हो गया। उसका सिर बिहार के गया में, उसके पैर आंध्र प्रदेश के पीठापुरम में और नाभि ओडिशा के जाजपुर में गिरी। पिंडदान अनुष्ठान शुरू करने से पहले मुमरू ने 13वीं शताब्दी के इस मंदिर में पूजा की, जहां देवी बिरजा की पूजा दुर्गा के 2 हाथों वाले रूप में की जाती है, जिसमें वह एक हाथ से महिषासुर की छाती में भाला घोंप रही हैं और दूसरे हाथ से उसकी पूंछ खींच रही हैं।