Site icon Dainik Savera Times

आर वैशाली ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, बनीं कैंडिडेट्स शतरंज का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला

R. Vaishali

R. Vaishali

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय शतरंज खिलाड़ी आर वैशाली ने बुधवार को एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए इतिहास रच दिया। उन्होंने साइप्रस में खेले गए फिडे महिला कैंडिडेट्स टूर्नामेंट 2026 का खिताब जीत लिया। इसके साथ ही वह इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। इस शानदार जीत के बाद अब वैशाली को मौजूदा विश्व चैंपियन जू वेनजुन के खिलाफ महिला विश्व चैंपियनशिप मुकाबला खेलने का मौका मिलेगा। यह मुकाबला इस साल के अंत में खेला जाएगा।

भारत के महान शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद ने वैशाली की इस सफलता को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि अब भारत के पास ओपन और महिलादोनों वर्गों में विश्व खिताब के लिए खिलाड़ी मौजूद हैं। गौरतलब है कि डी गुकेश पहले ही ओपन वर्ल्ड चैंपियन बन चुके हैं।

ये भी पढ़ें: महाकाल के भक्तों को लगा बड़ा झटका! अब फ्री नहीं देख पाएंगे भस्म आरती… ऑनलाइन होगी बुकिंग, लगेंगे इतने रूपये शुल्क

फाइनल राउंड में शानदार जीत

टूर्नामेंट के अंतिम दौर में वैशाली पर काफी दबाव था। उन्हें न सिर्फ अपनी बाजी जीतनी थी, बल्कि अन्य मैचों के नतीजों पर भी नजर रखनी थी। इसी दौरान दिव्या देशमुख ने बिबिसारा अस्साउबायेवा के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ कर दिया, जिससे वैशाली की स्थिति मजबूत हो गई। इसके बाद वैशाली ने सफेद मोहरों से खेलते हुए कैटेरीना लाग्नो को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।

 दिखाया दमदार खेल

वैशाली ने पूरे टूर्नामेंट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने तान झोंगयी और अलेक्जेंड्रा गोर्याचकिना जैसी मजबूत खिलाड़ियों को हराया। वहीं अन्ना मुज़ीचुक के खिलाफ अहम मुकाबला ड्रॉ कराया। हालांकि, उन्हें झू जिनर के खिलाफ दो बार हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखी।

अब विश्व खिताब पर नजर

अब वैशाली का अगला लक्ष्य विश्व चैंपियन बनना है। उनका मुकाबला जू वेनजुन से होगा, जो पांच बार की विश्व चैंपियन रह चुकी हैं। इस मुकाबले में करीब 2.7 करोड़ रुपये की इनामी राशि दांव पर होगी। कैंडिडेट्स टूर्नामेंट जीतने के साथ ही वैशाली ने लगभग 25 लाख रुपये की इनामी राशि भी हासिल कर ली है। उनकी यह जीत भारतीय शतरंज के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

ये भी पढ़ें: देश की संसद में होने जा रहा बड़ा बदलाव, आज पेश होंगे महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक

Exit mobile version