नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि इस वर्ष देश में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून देश में सामान्य वर्षा का लगभग 98 प्रतिशत बारिश दे सकता है। मानसून दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत, पूर्वोत्तर राज्यों और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुका है, लेकिन आगे इसकी रफ्तार धीमी रहने के संकेत हैं।
आईएमडी के वैज्ञानिक प्रदीप शर्मा ने कहा कि अल नीनो प्रभाव सक्रिय हो चुका है और पूरे मानसून सीजन के दौरान इसके बने रहने की संभावना है। वहीं, वैज्ञानिक नरेश कुमार ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी हैं।