जयपुर: राजस्थान के ब्यावर जिले के रायपुर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम हुई सड़क दुर्घटना में एक महिला और उसकी बेटी की मौत हो गई जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए।
थानाधिकारी नवल किशोर ने बताया कि बंसिया गांव के पास एक कार ने आगे चल रहे ट्रक को टक्कर मार दी, जिसके बाद कार में सवार शारदा (30) और उसकी बेटी सोनू (8) की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि हादसे के समय कार में सवार 10 लोग विवाह समारोह में शामिल होने के बाद पाली से अपने घर वापस लौट रहे थे। उन्होंने कहा कि छह घायलों को सोजत के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।
उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिये अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है और बृहस्पतिवार को पोस्टमॉर्टम करवाया जायेगा।
उन्होंने बताया कि ट्रक चालक हादसे के बाद फरार हो गया।
थानाधिकारी ने बताया कि हादसा संभवत: कार चालक को नींद आने या ट्रक चालक के अचानक ब्रेक लगाने के कारण हुआ है, वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

