Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab News: बेटे की छोटी सी जिद से गुस्साई मां ने की बेरहमी से हत्या… कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद

March 31, 2026

Punjab News: बेटे की छोटी सी जिद से गुस्साई मां ने की बेरहमी से हत्या… कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद

पंजाब डेस्क: जालंधर के गांव सोहल जगीर में छह वर्षीय बच्चे की दर्दनाक हत्या के मामले में अदालत ने सख्त फैसला सुनाया है। बता दें कि बच्चे की हत्या करने वाली आरोपी मां को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। दोषी कुलविंदर कौर पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। जुर्माना न देने की स्थिति में उसे एक साल अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

यह मामला 8 जून 2020 का है, जब मासूम अर्शप्रीत सिंह की जान उसकी अपनी मां के हाथों चली गई थी। अदालत में सामने आई जानकारी के मुताबिक, बच्चा अपने दादा-दादी के बेहद करीब था और अक्सर उनके साथ ही सोता था, जिसे लेकर घर में तनाव बना रहता था।

जानें घटना की रात क्या हुआ?

घटना वाली रात भी अर्शप्रीत ने अपनी दादी के पास सोने की जिद की। इसी बात पर गुस्से में आकर मां ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।

80 वर्षीय दादा अवतार सिंह ने अदालत को बताया कि रात करीब साढ़े नौ बजे बच्चे की चीख सुनकर वे कमरे की ओर दौड़े। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि कुलविंदर कौर के हाथ में चाकू था और अर्शप्रीत खून से लथपथ पड़ा था। बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।

सास-बहू के विवाद ने ली मासूम की जान

मुकदमे के दौरान आरोपी महिला ने पहले अपनी सास पर आरोप लगाने की कोशिश की, लेकिन बाद में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि सास से लगातार विवाद और बेटे की दादी के पास सोने की जिद से वह मानसिक रूप से परेशान थी। इसी तनाव में आकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

ये भी पढ़ें…

करीब साढ़े पांच साल तक चले ट्रायल में दादा-दादी की गवाही अहम साबित हुई। अभियोजन पक्ष के अनुसार, घटना के समय कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और अंदर केवल मां और बच्चा ही मौजूद थे, जिससे मामला स्पष्ट हो गया।

अदालत का फैसला सुनते ही दादी चरनजीत कौर भावुक होकर रो पड़ीं। मासूम को न्याय मिलने के साथ ही यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें