Indo Pak border : राजस्थान के जैसलमेर में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास एक युवक और नाबालिग लड़की के शव मिले हैं। जिले के एसपी ने इसकी पुष्टि की है। मौके से एक पाकिस्तानी सिम और आईडी कार्ड भी बरामद किया गया है।
भारत-पाकिस्तान सीमा के पास मिले शव-
दरअसल, ये दोनों शव जैसलमेर जिले के साधेवाला इलाके में स्थित भारत-पाकिस्तान सीमा के पास मिले हैं। मृतकों में एक 18 वर्षीय युवक और एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की शामिल है। शवों की हालत से अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों की मौत करीब सात दिन पहले हुई होगी। शव भारत-पाकिस्तान बाड़ से 10-12 किलोमीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में मिले हैं।
सिम कार्ड और एक आईडी कार्ड बरामद-
मौके पर एक पाकिस्तानी सिम कार्ड और एक आईडी कार्ड मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। आईडी कार्ड के मुताबिक युवक का नाम रवि कुमार (उम्र 18) है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव-
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास दो शव मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस और बीएसएफ के अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सीएचसी के मुर्दाघर में रखवाया।
हर एंगल से हो रही जांच-
जैसलमेर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुधीर चौधरी ने पुष्टि की है कि मामला बेहद संवेदनशील है और हर एंगल से जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास के गांवों में भी जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में शवों के पास कोई हथियार या जहर नहीं मिला है। मौत का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
सीमा पार प्रेम प्रसंग का हो सकता है मामला-
पाकिस्तानी सिम कार्ड और आईडी कार्ड मिलने से कई सवाल उठ रहे हैं। क्या यह सीमा पार प्रेम प्रसंग का मामला है या घुसपैठ की कोशिश या कोई बड़ी साजिश?
खुफिया एजेंसियां सक्रिय-
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये दोनों भारतीय सीमा पर क्या करने आए थे। फिलहाल मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तनोट पुलिस, जैसलमेर पुलिस और बीएसएफ संयुक्त रूप से जांच कर रही है। खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...