झुंझुनूं: राजस्थान के झुंझुनूं जिले के अपने पैतृक गांव दलेलपुर/नीमकाथाना में भारतीय सेना के अमर शहीद शेर सिंह जाखड़ की प्रतिमा को जनता को समर्पित करने के समारोह को संबोधित करते हुए पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि देश अपने महान वीर सपूतों के बलिदान को हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र देश की सीमाओं की रक्षा के लिए जाना जाता है और यहां के वीरों ने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया है।
सुनील जाखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ी सूझबूझ के साथ ऑपरेशन सिंदूर का संचालन किया, दुश्मन को पराजित भी किया और युद्ध को फैलने से भी रोका। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश को हर क्षेत्र में सशक्त बना रहे हैं ताकि कोई भी दुश्मन युद्ध शुरू करने से पहले सौ बार सोचने को मजबूर हो जाए। उन्होंने कहा कि अब युद्ध का स्वरूप बदल चुका है। हर लड़ाई केवल हथियारों से नहीं लड़ी जाती, बल्कि कई अन्य माध्यम भी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार का उद्देश्य देश को हर मोर्चे पर मजबूत बनाना है।

सुनील जाखड़ ने कहा कि देश की रक्षा के लिए हमारे जवानों का जज़्बा भारत का गौरव है। लेकिन जोश के साथ होश भी जरूरी है। इसलिए हमें अपने बच्चों को इस प्रकार तैयार करना चाहिए कि वे शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत होने के साथ-साथ नई तकनीकों की भी अच्छी जानकारी रखें।
इस अवसर पर शहीद की धर्मपत्नी सुनीता देवी, माता प्रभाती देवी, राजस्थान सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेम सिंह बजौर, खेतड़ी के बीजेपी के विधायक इंजीनियर धर्मपाल गुर्जर, पूर्व मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, झुंझुनूं के बीजेपी के विधायक राजेंद्र भांबू तथा उदयपुरवाटी के पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी भी उपस्थित रहे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...