नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पहलगाम में निदरेष भारतीयों पर हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले का जवाब देने के लिए सशस्त्र बलों को पूरी आजादी दी गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत की कार्रवाई नियत पर आधारित थी और तनाव बढ़ाने वाली नहीं। सिंह ने रविवार को मोरक्को की राजधानी रबात में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भारत ने हमेशा संयमित, लेकिन दृढ़ दृष्टिकोण अपनाया है। उन्होंने रामचरितमानस का हवाला देते हुए कहा, ‘हमने धर्म देखकर नहीं, कर्म देखकर मारा है।’
22 अप्रैल को पहलगाम हमले के जवाब में भारत ने 6-7 मई की दरम्यानी रात को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाकर पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। यह कार्रवाई चार दिनों तक चली और 10 मई को युद्धविराम के साथ समाप्त हुई। रक्षा मंत्री ने भारत की आर्थिक प्रगति, डिजिटल बदलाव और रक्षा उत्पादन-निर्यात की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उनकी यह यात्र किसी भारतीय रक्षा मंत्री की मोरक्को की पहली आधिकारिक यात्र है।

