लखनऊ: अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष और वरिष्ठ संत महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत अचानक खराब हो गई है। उन्हें इलाज के लिए लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।
यह पहली बार नहीं है जब उनकी तबीयत बिगड़ी हो। इससे पहले जनवरी में भी उनकी तबीयत खराब होने पर उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद उनकी सेहत में सुधार हुआ था और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। जनवरी में जब वे अस्पताल में भर्ती थे, तब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनसे मिलने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी।
पूरा जीवन राम मंदिर निर्माण के लिए समर्पित किया
महंत नृत्य गोपाल दास राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख संतों में गिने जाते हैं। वे शुरुआत से ही राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे और उन्होंने अपना पूरा जीवन राम मंदिर निर्माण के लिए समर्पित किया। वर्ष 1986 में उन्हें राम जन्मभूमि मुक्ति यज्ञ समिति का उपाध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद 1992 में वे राम जन्मभूमि न्यास के प्रमुख बने और राम मंदिर आंदोलन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वर्तमान में महंत नृत्य गोपाल दास श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं। उन्होंने राम मंदिर आंदोलन के दौरान संत समाज को एकजुट करने, कानूनी लड़ाई और जनआंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई। मणिराम दास छावनी के महंत के रूप में भी उन्होंने लंबे समय तक धार्मिक और सामाजिक कार्यों का नेतृत्व किया।
श्रद्धालु उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे
राम मंदिर के भूमि पूजन से लेकर प्राण प्रतिष्ठा समारोह तक, हर महत्वपूर्ण अवसर पर उनकी अहम मौजूदगी रही। 88 वर्षीय महंत नृत्य गोपाल दास उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण पहले भी कई बार अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं। फिलहाल उनके समर्थक और श्रद्धालु उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।

